अमेरिका में सिख बुजुर्ग की चाकुओं से गोद कर हत्या
अमेरिका में सिखों पर नस्लभेदी हमले रुकने का नाम नहीं ले रहे। ताजा मामला कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो शहर का है, जहां एक सिख बुजुर्ग की चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई है। एक जनवरी को हुई इस घटना की जांच पुलिस नस्लभेदी हमला मानकर ही कर रही है।
पुलिस ने बताया कि 68 वर्षीय गुरुचरण सिंह गिल कैलिफोर्निया के फ्रेस्नो शहर में एक शराब की दुकान में काम करते थे। दुकान में ही दिनदहाड़े उनकी चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई।
मामले की जांच जारी है। अभी हत्या की वजहों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गिल पर यह हमला उनके रंग और उनकी पहचान की वजह से किया गया।
पहले से जमीन पर पड़े थे गिल
स्थानीय न्यूज चैनल के मुताबिक सूचना पर जब पुलिस दुकान पर पहुंची, तो गिल
पहले से ही जमीन पर पड़े हुए थे। चिकित्सकों की टीम ने उन्हें प्राथमिक
उपचार देने की कोशिश की, लेकिन वह तब तक मर चुके थे।
पुलिस ने मामले की
जांच तेजी से शुरू कर दी है। अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई
है। इससे पहले 28 दिसंबर को इसी शहर में एक अन्य सिख व्यक्ति को बुरी तरह
से प्रताड़ित किया गया था।