ISIS: हार कर भागे तो लड़ाकों को जिंदा जलाया
आईएसआईएस ने अपने लड़ाकों को भयानक संदेश देते हुए अपने ही लोगों को सार्वजनिक रूप से जिंदा जला दिया। आईएसआईएस के जिंदा जलाए गए लड़ाके अपनी जान बचाकर मोसुल भाग आए थे।
फॉक्सन्यूज डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, मोसुल के कई निवासियों का दावा है कि रमादी शहर पर इराकी बलों द्वारा फिर से कब्जा किए जाने के बाद जब काले कपड़े पहले जिहादी भाग कर 270 मील दूर मोसुल पहुंचे तो शहर के मुख्य चौराहे पर उन्हें जिंदा जला दिया गया।
आईएसआईएस ने अपने ही लड़ाकों को दी सजा
अब अमेरिका में रह रहे उत्तरी इराक के एक पूर्व निवासी, जो इराक में रह रहे अपने परिवार से संपर्क में है, ने फॉक्सन्यूज को बताया कि उन्हें समूह में गोलाकार बना कर खड़ा कर दिया गया और जला दिया गया।
कई अन्य इराकी जिनके रिश्तेदार मोसुल में रहते हैं, ने बताया कि आईएसआईएस के परास्त उग्रवादियों को सजा दी जा रही थी और उन्हें जलाया जा रहा था कि मरने तक उन्होंने रमादी में अपनी लड़ाई क्यों जारी नहीं रखी।
आतंकवाद विशेषज्ञ माइकल प्रिजेंट ने कहा, ‘रमादी से भागे आईएसआईएस के लड़ाकों को इस तरह सजा दिए जाने में आश्चर्य की कोई बात नहीं है। तिक्रित के लड़ाकों के साथ भी आईएसआईएस ने ऐसा ही किया था।’