भारतीय मूल की बेरहम सीईओ ने नौकरानी को कुत्ते के साथ सोने पर किया मजबूर
भारतीय मूल की अमेरिकन सीईओ पर अपनी नौकरानी के साथ बेरहमी भरा सलूक और अत्याचार करने का आरोप लगा है। न्यूज चैनल एनडीटीवी के अनुसार आईटी स्टॉफिंग एंड कंसल्टिंग कंपनी की सीईओ हिमांशु स्यू भाटिया के खिलाफ अमेरिकी श्रम मंत्रालय की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में कहा गया कि शीला निंगवाल से सीईओ महज 400 अमेरकी डॉलर(करीब 26000 रुपये) में 15 घंटे काम लेती थी और उसे दो वक्त का खाना देती थी।
विभाग के अनुसार निंगवाल, भाटिया के सैन जुआन स्थित घर में काम करती थी। भाटिया उसे अपने मियामी, लास वेगास और कैलिफोर्निया के लॉन्ग बीच स्थित आलीशान घरो में भी काम के लिए ले जाती थी। दर्दनाक दास्तां में यह सच भी सामने आया कि भाटिया ने उसका पासपोर्ट भी जब्त किया हुआ था, ताकि वह कहीं जा न सके।
स्टोर रूम में कुत्तों के साथ सोने के लिए किया मजबूर
क्रूरता की हदे तब पार हुई जब निंगवाल बीमार पढ़ जाती थी तो भाटिया उसे स्टोर रूम में कारपेट पर कुत्तों के सात सोने के लिए मजबूर करती थी। साथ ही बाहर जाने के बाद निंगवाल के लिए खाने की व्यवस्था भी नहीं होती थी। मालकिन के खिलाफ निंगवाल ने उस वक्त यह कदम उठाया जब उसने झूठे पत्र पर दस्तखत करने से किया मना।
उसने इंटरनेट पर श्रम कानून के बारे में पढ़ा और जाना कि उसके साथ गलत हो रहा है। इस बीच जब भाटिया ने उस पेपर पर दस्तखत कराने चाहे जिसमें लिखा था कि वह उसे पर्याप्त सैलरी देती है और नौकरी से वह परेशान नहीं है। दस्तखत न करने की कीमत नौकरानी को नौकरी गंवा कर चुकानी पड़ी। पुलिस में शिकायत के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ ।
आरोपी महिला दिसंबर 2012 से 2014 तक पीड़ित का शोषण करती रही। आरोपी महिला पर अमेरिकी श्रम कानून के उल्लघंन का भी आरोप है।
भाटिया की कंपनी का राजस्व 2300 करोड़ का
बता दें कि दिल्ली की रहने वाली भाटिया 1987 में अमेरिका चली गई और वहीं पर पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी करने लगी। बाद में अपना बिजनेस खड़ा करने की ख्वाहिश रखने वाली भाटिया ने अपनी कंपनी रोज़ इंटरनेशनल की शुरूआत की। बताया जाता है कि उसकी इस कंपनी का 2011 में सालाना राजस्व 2300 करोड़ से भी ज्यादा था।