चारधाम यात्रा पर रोक से होटल व्यवसायियों में रोष है। शुक्रवार को होटल व्यवसायियों ने नेताला में राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका। उन्होंने यात्रा शुरू नहीं किए जाने पर सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।
होटल एसोसिएशन उत्तरकाशी के आह्वान पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में होटल व्यवसायी गंगोत्री धाम के पड़ाव नेताला में एकत्रित हुए। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पुतले को आग के हवाले किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि राज्य सरकार की कमजोर पैरवी के चलते हाईकोर्ट ने 18 अगस्त तक यात्रा स्थगित रखी है। उन्होंने हाईकोर्ट के निर्णय का विरोध करते हुए जल्द से जल्द यात्रा शुरू करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में राजेंद्र पंवार, रविंद्र नेगी, दीपेंद्र पंवार, प्रकाश भद्री, अजय पुरी, बिंदेश कुड़ियाल, मनोज रावत, उत्तम गुसाईं, माधव जोशी, शूरवीर चौहान शामिल थे।