सर बडियार एवं ठकराल पट्टी के 13 गांवों का संपर्क एक सप्ताह से तहसील मुख्यालय से टूटा हुआ है। यहां एक सप्ताह पूर्व सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा धंस गया था, जिससे ग्रामीणों को तहसील मुख्यालय तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किमी पैदल सफर करना पड़ रहा है।
ठकराल पट्टी के पांच और सर बडियार पट्टी के आठ गांवों को राजगढ़ी-सरनौल मोटर मार्ग तहसील मुख्यालय से जोड़ता है, जो एक सप्ताह पूर्व हुई लगातार बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क का करीब 100 मीटर हिस्सा धंस गया है। इससे दोनों पट्टी के गांवों की आवाजाही ठप होने के साथ कोटी गांव के कई आवासीय भवनों, कुठार अन्न भंडार को भी खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य आनंद राणा, जगमोहन राणा, किशन सिंह सहित ग्रामीणों का कहना है कि एक सप्ताह से सड़क मार्ग बंद है, लेकिन विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। वहीं पीएमजीएसवाई के एई आनंद मोहन रायजादा का कहना है कि इस स्थान पर बाहर की ओर से भारी दीवार लगनी है। उसके लिए बजट नहीं है। पहाड़ की तरफ आबादी होने के कारण मशीन लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है।