खटीमा। थारू सांस्कृतिक दलों एवं संगठन की ओर से थारू विकास भवन में दो दिनी थारू कलाकार सम्मान समारोह का आगाज हुआ। इसमें 250 कलाकारों को सम्मानित किया गया। बृहस्पतिवार को समारोह का शुभारंभ नानकमत्ता विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने किया।
दो दिनी सम्मान समारोह के आयोजन पर डॉ. राणा ने आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि थारू कलाकारों ने थारू लोक गीतों, वाद्य यंत्रों, लोक नृत्यों को जीवंत रखा है। उनका सम्मान करना सराहनीय कदम है। उन्होंने संस्कृति को संजोए रखने के लिए युवाओं से आगे आने का आह्वान किया। इस मौके पर हुए झींझीं नृत्य एवं होली गायन को लोगों ने काफी सराहा। इस अवसर पर विनायक हास्पिटल बरेली की ओर से निशुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। समारोह के अध्यक्ष बंटी सिंह ने कहा कि शुक्रवार को खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज के प्रत्येक थारू बहुल गांव के चार कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में कुल 400 कलाकारों को सम्मानित करने का लक्ष्य है। वहां पर केवल सिंह, रिंकू राणा, हरीश चंद्र राणा, कोमल राणा, वर्षा राणा, शिक्षा राणा, रजनेश सिंह, मनोहर सिंह, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. संजीव कुमार पांडेय, डॉ. अजय राज शर्मा आदि थे।