सपा से राज्यसभा जाने का इरादा नहीं : कुरैशी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व राज्यपाल डा. अजीज कुरैशी ने इन अटकलों का खंडन किया कि वह समाजवादी पार्टी की तरफ से राज्यसभा में जाने के इच्छुक हैं। कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही हैं। कांग्रेस की नीतियों के अनुरूप ही काम करते रहेंगे। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी लिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह नरेंद्र मोदी से अपने जीवन में एक बार ही मिले हैं। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद वह दिल्ली में शिष्टाचार भेंट के तहत उनसे मिले थे, जो मात्र दस मिनट की रही थी। प्रदेश के राज्यपाल रहने के दौरान पूर्व में उक्त संबंध में उठी चर्चा को लेकर किए सवाल के जवाब में उन्होंने यह बात कही।
डा. कुरैशी शनिवार को अचानक लखनऊ से पंतनगर पहुंचे। यहां एनेक्सी में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह देश महात्मा बुद्ध, महात्मा गांधी, आचार्य नरेंद्र देव, डा. राममनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण जैसे महापुरुषों के आदर्शों को अपनाने से ही विकास कर सकता है। डा. कुरैशी ने कहा कि उत्तराखंड में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यक्रमों में जन साधारण की भागीदारी जरूरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षकों एवं डाक्टरों को लेकर अक्सर शिकायतें मिलती हैं। ऐसे में स्कूलों एवं अस्पतालों के अनुश्रवण के लिए ग्रामीण स्तर पर समितियों का गठन होना चाहिए। बदरीनाथ और केदारनाथ में हर दो से तीन किलोमीटर की दूरी पर शेड बनाए जाएं, जिनमें आक्सीजन, केरोसिन, दवाओं सहित अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था होनी चाहिए। अचानक दौरे के सवाल पर डा. कुरैशी ने कहा कि वह घूमने के लिए आए हैं और यहां से देहरादून जाने का कार्यक्रम है।