सितारगंज। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून सचिवालय में सितारगंज चीनी मिल चालू करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक कर अक्तूबर-2021 से शुरू होने वाले पेराई सत्र तक योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों का हित पहला लक्ष्य होना चाहिए।
बृहस्पतिवार को विधायक सौरभ बहुगुणा ने बैठक में शामिल होने के बाद बताया कि सीएम ने अपर मुख्य सचिव, तकनीकी सलाहकार, शुगर फेडरेशन और ग्राम विकास एवं पलायन आयोग के अधिकारियों के साथ बैठक की। सीएम ने कहा कि गन्ना उत्पादकों को गन्ने की बिक्री में परेशानी हो रही है। सितागंज मिल संचालित होने से वहां रहने वाले ग्रामीणों के लिए रोजगार भी बढ़ेंगे। इसलिए आगामी पेराई सत्र से मिल शुरू करने के लिए अभी से प्रक्रिया गतिमान हो जाए। इसके लिए तकनीकी टीम एवं विशेषज्ञों की राय ली जा सकती है। बैठक में ग्राम्य विकास एवं पलायन आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. एसएस नेगी, सीएम के तकनीकी सलाहकार डॉ. नरेंद्र सिंह, अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, सचिव अमित नेगी, राधिका झा, शुगर फेडरेशन के निदेशक चंद्रेश यादव, अपर सचिव डॉ. वी. षणमुगम आदि थे।