{"_id":"67b4d68f474faafa6b0f7734","slug":"people-face-the-problems-rudrapur-news-c-242-1-rdp1006-121055-2025-02-19","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rudrapur News: बिजली और पानी के मुद्दे पर मुखर हुए पार्षद, मेयर बोले- नाली और सड़क से हटकर किए जाएंगे कार्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rudrapur News: बिजली और पानी के मुद्दे पर मुखर हुए पार्षद, मेयर बोले- नाली और सड़क से हटकर किए जाएंगे कार्य
Wed, 19 Feb 2025 12:05 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर
Updated Wed, 19 Feb 2025 12:05 PM IST
सार
रुद्रपुर नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर में विकास के तमाम मुद्दों पर चर्चा के साथ ही 21 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसके साथ ही 40 पार्षदों के 200 प्रस्तावों को स्वीकृत किया गया।
विज्ञापन
बोर्ड बैठक में बोलते मेयर विकास शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
रुद्रपुर नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर में विकास के तमाम मुद्दों पर चर्चा के साथ ही 21 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इसके साथ ही 40 पार्षदों के 200 प्रस्तावों को स्वीकृत किया गया। बोर्ड बैठक में पार्षदों ने पानी और बिजली की सबसे अधिक समस्याएं रखने के साथ ही अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई। मेयर ने कहा कि रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन नगर निगम बनाने के लिए मिलजुलकर प्रयास किए जाएंगे।
विज्ञापन
मंगलवार को निगम सभागार में मेयर विकास शर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक शुरू हुई। इसके बाद शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंच पाईं वार्ड 26 की पार्षद सन्नो को मेयर ने शपथ दिलाई। इसके बाद पेयजल निगम, जल संस्थान, सिंचाई विभाग, ऊर्जा निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शहर में विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। जल संस्थान के एसडीओ के समक्ष पार्षद गौरव खुराना, चिराग कालरा, शुभम दास, परवेज कुरैशी, इंद्रजीत सिंह, निमित शर्मा, राजेश जग्गा सहित तमाम पार्षदों ने पेयजल लाइनों में लीकेज, गंदा पानी आने, पुरानी पाइप लाइनों की देखरेख नहीं करने के साथ ही सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता के समक्ष सौरभ राज बेहड़, सुशील चौहान, प्रमोद शर्मा, निमित शर्मा सहित अनेक पार्षदों ने स्मार्ट मीटर के लिए परेशान करने, बिजली के तारों के जंजाल, नए पोल नहीं लगाने के साथ ही जनप्रतिनिधियों की बातों को अनसुना करने का मुद्दा उठाया। वहीं स्कॉच पुरस्कार प्राप्त करने पर नगर निगम के अधिकारियों की टीम को सम्मानित किया गया।
विज्ञापन
बोर्ड बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि के बाद वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय व्यय पर चर्चा की गई। बैठक के लिए सभी वार्डों के पार्षदों से अपने-अपने वार्ड से जुड़े पांच-पांच प्रस्ताव मांगे गए और पारित किया गया। पार्षदों ने वार्डाें की समस्याओं को रखते हुए मेयर से समाधान की मांग की। इस दौरान मेयर ने कहा कि बोर्ड की बैठक में हमने शहर के लगभग सभी अहम मुद्दों को जोड़ने का प्रयास किया है। नाली सफाई और सड़कों के अलावा भी कुछ अलग हटकर काम काम किया जाएगा।
लेबर कार्ड, राशन कार्ड, पहचान पत्र, पेंशन जैसे अन्य कई काम भी नगर निगम के माध्यम से कराए जाएंगे। वेंडिंग जोन में जल्द ही पात्र दुकानदारों का आवंटन किया जाएगा। वहां पर एमएनए नरेश दुर्गापाल, सहायक नगर आयुक्त राजू नबियाल, उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे, प्रभारी नगर सहायक आयुक्त रणदीप सिंह आदि मौजूद रहे।
विधायक अरोरा और बेहड़ ने भी रखे प्रस्ताव
बोर्ड की बैठक में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ पदेन सदस्य के रूप में शामिल हुए। विधायक अरोरा ने कहा कि नगर के विस्थापित व्यापारियों का शीघ्र पुर्नवास के लिए भी निगम को शीघ्र प्रयास करने होंगे। नजूल भूमि पर पात्र लोगों को मालिकाना हक दिए जाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने गांधी पार्क के सौंदर्यीकरण और ड्रेनेज प्लान का प्रस्ताव भी रखा। कहा कि ड्रेनेज़ प्रोजेक्ट के पहले चरण में सर्वें का कार्य पूर्ण होने को है। इसके बजट के लिए मेयर के साथ ही वह भी मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने नवनिर्वाचित महापौर विकास शर्मा सहित सभी पार्षदों को अपनी शुभकामनाएं दी। कहा कि वार्ड नंबर एक सहित अधिकांश नगर में जल निकास की मुख्य समस्या है। वार्ड नंबर एक में सड़कों के निर्माण के लिए पूर्व में भी प्रस्ताव दिये गये, लेकिन निर्माण कार्य नही हो पाया था। उन्होंने फुलसुंगी नाले के साथ ही सड़कों के निर्माण की बात रखी।
इन प्रस्तावों पर लगी मोहर
- इन्टीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए दोबारा ई निविदा निकालने की स्वीकृति
- वित्तीय वर्ष में 50 लाख तक की कीटनाशक दवाओं के क्रय के लिए निकालेंगे ई-निविदा।
- एक या दो साल के लिए आउटसोर्स से मानवशक्ति आपूर्ति के लिए ई निविदा आमंत्रित
- स्टेशनरी सामग्री और प्रचार सामग्री के ई-निविदा
- खराब स्काई लिफ्रट वाहन की मरम्मत के साथ नया स्काई लिफ्रट वाहन खरीदेंगे
- निशुल्क फ्रीहोल्ड से वंचित लोगों के लिए डोर टू डोर अभियान
- नजूल अनुभाग से सम्बन्धित भूमि के दस्तावेज एवं समस्त वार्डाें के मानचित्र डिजिटलाइज्ड
- मेयर के लिए इनोवा वाहन क्रय करने
- बिगवाड़ा श्मशान घाट में शहीद वीरेन्द्र सिंह सामंती की स्मृति में द्वार निर्माण और क्रियाघाट जीर्णाेद्धार
- भूरारानी के वरिष्ठ समाजसेवी राधेश्याम चुघ के नाम से द्वार, सड़क निर्माण
- आदर्श काॅलोनी के पूर्व सभासद किशन लाल खुराना के नाम से भी द्वार निर्माण
- शहर में पशु शवदाह गृह का निर्माण करने
- किच्छा बाईपास में शिवनगर मोड़ पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं वेडिंग जोन का निर्माण
- निगम के कार्यों की डीपीआर/ आगणन किसी कन्सलटैन्ट के माध्यम से तैयार कराने को ई निविदा
- गांधी पार्क का सौंदर्यीकरण एवं नवीनीकरण
- निगम के चार नए जोनल कार्यालय खोलने
- नगर निगम की आवंटित की गई दुकानों को हस्तांतरित करने