नानकमत्ता। गुरुद्वारा छेंवी पातशाही किल्ला साहिब विडौरा मझोला के आम सदस्यों की बैठक में गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की नई कार्यकारिणी लिए पांच अक्तूबर को चुनाव संपन्न कराने का प्रस्ताव पारित हुआ। 22 सदस्यीय कार्यकारिणी में से 21 सदस्यों के लिए चुनाव होंगे जबकि एक सदस्य हीरा सिंह आजीवन संरक्षक के पद पर नियुक्त हैं।
शनिवार को दुधारा मझोला स्थित गुरुद्वारा छेंवी पातशाही में प्रधान आलम सिंह की अध्यक्षता में प्रबंधन समिति के आम सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में 84 आम सदस्यों में से 43 आम सदस्य उपस्थित थे। बैठक में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उप सचिव, कैशियर, सलाहकार तथा ऑडिटर के अलावा 14 सामान्य सदस्यों के पद पर चुनाव कराने का निर्णय लिया गया। आजीवन सदस्यता के लिए 5100 तथा सामान्य सदस्यता के लिए 3100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया। चुनाव अधिकारी तथा आजीवन संरक्षक हीरा सिंह ने बताया कि नामांकन एक अक्तूबर को सुबह दस से शाम चार बजे तक होंगे। उसी दिन जांच, आपत्ति तथा नामांकन पत्र की वापसी, दो अक्तूबर को सूची प्रकाशन तथा तीन अक्तूबर को अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव अधिकारी ने कहा कि 30 सितंबर तक नामांकन पत्र बिकेंगे। इसके लिए प्रत्याशी सौ रुपये जमा कर नामांकन पत्र ले सकते हैं। बैठक में जसवंत सिंह, जरनैल सिंह, मुख्तियार सिंह, कुलदीप सिंह, जंगीर सिंह, साहब सिंह, बलबीर सिंह तथा प्रीतम सिंह आदि थे।