{"_id":"5a2ad1104f1c1b78548c1f5b","slug":"property-dealer-shot-when-he-was-opening-the-door","type":"story","status":"publish","title_hn":"दरवाजा खोलते ही हुआ गोली से सामना ","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दरवाजा खोलते ही हुआ गोली से सामना
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, ऊध्ामसिंह नगर
Updated Fri, 08 Dec 2017 11:58 PM IST
विज्ञापन
प्रापर्टी डीलर जगजीत
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दरवाजा खटखटाने की आवाज पर बाहर आए प्रापर्टी डीलर को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। पेट में गोली लगने के बावजूद घायल ने बदमाशों को ललकारते हुए अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से कई फायर झोंके, जिस पर बदमाश फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम सांडखेड़ा निवासी जगजीत सिंह (42) पुत्र गुलजार सिंह काश्तकार हैं। वह प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त और कमीशन एजेंट के रूप में भी काम करता है। बृहस्पतिवार को जगजीत अपनी पत्नी सरनजीत कौर और पुत्री कमलजीत कौर के साथ अपने मकान के दोमंजिले पर था। बेटा लवजीत स्कूल टूर पर जयपुर गया है। रात करीब साढ़े दस बजे मुख्य गेट खटखटाने की आवाज आई। पति-पत्नी ने झांककर नीचे देखा तो वहां कोई दिखाई नहीं दिया। इस पर जगजीत अपना लाइसेंसी रिवाल्वर लेकर गेट पर पहुंचा। वहां मौजूद चार-पांच नकाबपोश बदमाशों ने जगजीत पर फायर झोंक दिया।
विज्ञापन
पेट में गोली लगने से वह वहीं गिर पड़ा। इसके बावजूद जगजीत ने अपने रिवाल्वर से चार राउंड फायर झोंके। जवाबी फायरिंग होने से बदमाश भाग खड़े हुए। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण उसके घर की ओर दौड़ पड़े। घायल जगजीत को रामनगर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली निकाल दी है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घायल की पत्नी सरनजीत की ओर से आईटीआई थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर सौंपी है।
विज्ञापन
वारदात की वजह हो सकती है लूट या रंजिश
काशीपुर। प्रॉपर्टी डीलर किसान जगजीत सिंह के घर बदमाश लूट के इरादे से आए थे या प्रापर्टी के लेन-देन को लेकर उनके बीच कोई विवाद था। यह बात अभी तक पुलिस की जांच में स्पष्ट नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया घायल के परिजनों की ओर से पुलिस को शुक्रवार शाम तक कोई जानकारी नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी जसवीर का कहना है कि ऑपरेशन के दौरान घायल के पेट से 32 बोर की गोली निकली है। उसका लाइसेंसी रिवाल्वर भी 32 बोर का है। मामला संदिग्ध भी माना जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
18 घंटे तक आईटीआई पुलिस को नहीं थी घटना की जानकारी
काशीपुर। साभंडखेड़ा निवासी जगजीत सिंह को गोली लगने के मामले में आईटीआई पुलिस 18 घंटे बाद भी बेखबर रही। घायल जगजीत के निजी अस्पताल में भर्ती होने के बाद कटोराताल चौकी पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उसके बयान लिए। आईटीआई थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि गोली लगने की जानकारी होने पर शुक्रवार की शाम उन्होंने ग्राम प्रधान को फोन कर घटना के बारे में जानकारी चाही, लेकिन ग्राम प्रधान ने इसकी जानकारी होने से इन्कार कर दिया।
पहले भी हो चुकी है लाखों की चोरी
काशीपुर। घायल जगजीत सिंह ने आईटीआई पुलिस पर मामले को बेहद हल्केपन से लेने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पहले भी उसके घर से लाखों की चोरी हो चुकी है, तब भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। जगजीत ने बताया कि 12 जनवरी 2016 को वह प्रॉपर्टी के सिलसिले में बाहर गया था, जबकि पत्नी सरनजीत कौर और दोनों बच्चे रिश्तेदारी में पंजाब गए थे। परिजनों की अनुपस्थिति में चोर घर से करीब दस लाख रुपये के जेवरात और नकदी आदि चोरी कर ले गए थे। तब तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इस बार भी पुलिस रिपोर्ट लिखने में टालमटोल कर रही है। जबकि उसकी जान को खतरा बना हुआ है।