रुद्रपुर। कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष तिलकराज बेहड़ ने कहा है कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं में आपसी मनमुटाव को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने चार कार्यकारी अध्यक्षों को लेकर भाजपा की ओर से की गई आलोचना पर कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को काम बांटा गया है। भाजपा जवाब दे कि उन्हें दो सीएम क्यों बदलने पड़े। जब दो मुख्यमंत्री फेल साबित हुए हैं तो उनका मंत्रिमंडल कैसे सफल हो गया। कहा कि अगर वरिष्ठ नेता डॉ. इंदिरा हृदयेश की आकस्मिक मृत्यु नहीं होती तो संगठन में फेरबदल नहीं होता। उन्होंने नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल के अपमान की सजा भाजपा को भुगतनी पड़ेगी।
शुक्रवार को आवास विकास स्थित अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बेहड़ ने कहा कि उन्हें 26 विधानसभा क्षेत्रों का दायित्व दिया गया है। इनमें ऊधमसिंह नगर के नौ, हरिद्वार के 11 और देहरादून के छह विधानसभा क्षेत्र हैं। वे इन क्षेत्रों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और बूथ स्तर पर संगठन की समीक्षा करेंगे। बूथों को सक्रिय और मजबूत बनाने के लिए नई व्यवस्था के तहत कमेटियों का गठन किया जा रहा है। कांग्रेस बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी के साथ ही भाजपा के झूठे घोषणापत्र को लेकर जनता के बीच जाएगी। कहा कि किसान आंदोलन को पार्टी का पूरा समर्थन है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में किसानों के मुद्दों को मुखर ढंग से उठाएंगे और भाजपा सरकार से जवाब मांगेंगे। वहां पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मीना शर्मा, संदीप चीमा, सुशील गाबा, अनिल शर्मा मौजूद रहे।