रुद्रपुर। जिले के चार केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 380 के लक्ष्य के सापेक्ष 243 कर्मियों को टीका लगाया गया। रुद्रपुर के मेडिसिटी अस्पताल में 100 लोगों का लक्ष्य दिया गया था जबकि 82 लोगों को ही टीका लगा। इससे पूर्व एसीएमओ डॉ. हरेंद्र मलिक ने तैयारी का जायजा लिया।
शुक्रवार को जिला मुख्यालय में बनाए गए क्षेत्रीय वैक्सीन स्टोर में देहरादून से वैक्सीन शाम सात बजे पहुंची। सीएमओ डॉ. देवेंद्र सिंह पंचपाल ने बताया कि नैनीताल के लिए वैक्सीन की 9500 डोज, चंपावत के लिए 2000 और जिले के लिए वैक्सीन की 8500 डोज मिली है। काशीपुर में 80 के लक्ष्य के सापेक्ष 49 लोगों का टीकाकरण हुआ, खटीमा में 100 के सापेक्ष 39 को, गदरपुर में 100 के सापेक्ष 73 को टीका लगाया गया। इधर, बताया गया कि जिले में शुक्रवार को सिर्फ एक ही व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। इधर, गदरपुर के सीएचसी में पांच सदस्यीय टीम ने टीकाकरण अभियान संचालित किया। चार लोगों को स्वास्थ्य कारणों से टीका नहीं लगाया गया। केंद्र प्रभारी डॉ. संजीव सरना ने बताया कि 73 लोगों को टीका लगाया गया।