अस्पताल की मांग को लेकर त्रियुगीनारायण के ग्रामीणों का आंदोलन जारी है। उन्होंने शासन, प्रशासन पर झूठे आश्वासन देने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर उन्हें आश्वस्त किया था कि वे जल्द ही गांव आकर उचित कार्रवाई करेंगे लेकिन स्थिति जस की तस है।
ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी, महिला मंगल दल अध्यक्ष अनीता राणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि जब तक मांगपूर्ति नहीं होती, वे आंदोलनरत रहेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार व प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जल्द ग्रामीणों की मांग पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन तेज करने के लिए बाध्य होंगे। सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर गैरोला ने कहा कि 1 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री ने फोन पर आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि वे जल्द ही गांव पहुंचकर ग्रामीणों की मांगपूर्ति करेंगे लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी स्वास्थ्य मंत्री गांव नहीं आ पाए हैं। मौके पर 40 से अधिक ग्रामीण क्रमिक अनशन पर डटे रहे। उन्होंने कहा कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री मौके पर आकर अस्पताल खोलने की घोषणा व जीओ जारी नहीं करते वे धरने पर रहेंगे। जरूरी हुआ तो आमरण अनशन के लिए भी बाध्य होंगे।