रुद्रप्रयाग। लाइफ लाइन फाउंडेशन और सोमनाथ नक्षत्र वाटिका ट्रस्ट ने जिले के पर्यावरण प्रेमी शिक्षक सतेंद्र सिंह भंडारी को ग्लोबल ग्रीन अवार्ड 2021 से सम्मानित किया है। उन्हें यह पुरस्कार शिक्षा, पर्यावरण व अन्य जागरूकता कार्यों में सराहनीय योगदान के लिए दिया गया है।
देशभर के अलग-अलग राज्यों के 42 लोगों को यह पुरस्कार दिया गया है, जिसमें रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के भटवाड़ी गांव निवासी व राप्रावि कोट तल्ला के प्रधानाध्यापक सतेंद्र भंडारी भी शामिल हैं। बढ़ते कोविड-19 संक्रमण के कारण पुरस्कार की घोषणा ऑनलाइन की गई। राष्ट्रीय स्तरीय इस पुरस्कार के लिए बीते वर्ष अक्तूबर में आवेदन किए गए थे। ऑनलाइन कार्यक्रम में लाइफ लाइन फाउंडेशन की संस्थापक प्रियादत्त आनंद, सोमनाथ नक्षत्र वाटिका ट्रस्ट की रेणुका वाधवा, कोलंबिया पैसिफिक यूनिवर्सिटी की डा. रश्मि शर्मा, अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।