वर्ष 2015 में छूटे प्रवक्ता व सहायक अतिथि शिक्षकों ने काउंसिलिंग के दस दिन बाद भी नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने पर आक्रोश जताया। कहा कि अधिकारियों द्वारा अकारण देरी की जा रही है, जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कहा कि विभागीय कार्यालय के कई चक्कर लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं।
अतिथि शिक्षक संघ के जखोली ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीन जोशी ने एक जारी बयान में कहा कि हरिद्वार, टिहरी, चमोली, पौड़ी, चंपावत, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा आदि जिलों में छूटे अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया बीते नवंबर माह में पूरी हो चुकी है, लेकिन रुद्रप्रयाग जिले में अभी तक उन्हें नियुक्ति पत्र जारी नहीं हो पाए हैं। यहां प्रवक्ता में 23 व सहायक शिक्षक में 42 अतिथि शिक्षकों की काउंसलिंग बीते 4 व 5 दिसंबर को पूरी हो चुकी है, लेकिन विभाग द्वारा नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए जा रहे हैं। जबकि न्यायालय और शिक्षा सचिव द्वारा शिक्षक विहीन विद्यालयों में यथाशीघ्र अतिथि शिक्षकों को नियुक्ति के आदेश दो माह पूर्व दिए जा चुके हैं। कहा कि लॉकडाउन के कारण पहले ही छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो चुकी है। ऐसे में बोर्ड परीक्षार्थियों के पास परीक्षाओं की तैयारी के लिए कुछ ही समय बचा है। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी से नियुक्ति पत्र जल्द जारी करने की मांग की है। ब्यूरो