आगामी विस चुनाव को लेकर भाजपा ने रुद्रप्रयाग व केदारनाथ विस सीट पर प्रत्याशी के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रायशुमारी की। इस मौके पर केदारनाथ व रुद्रप्रयाग विधानसभा 11-11 संभावित प्रत्याशियों द्वारा अपनी दावेदारी पेश की गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पर्यवेक्षक प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। बैठक में अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय मंत्री डा. स्वराज विद्वान ओर पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह असवाल ने दोनों विस सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर कार्यकर्ताओं की राय ली। बैठक में रुद्रप्रयाग विधानसभा से वर्तमान विधायक भरत सिंह चौधरी, आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं, कमलेश उनियाल, गिरवीर सिंह रावत, वीर सिंह रावत, विजय कप्रवाण, डा. कुलदीप नेगी आजाद, जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह, बीरेंद्र बिष्ट, अजय सेमवाल और वाचस्पति सेमवाल ने अपनी दावेदारी पेश की। जबकि केदारनाथ विधानसभा से भू-कानून समिति के सदस्य अजेंद्र अजय, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, पूर्व विधायक शैलारानी रावत, पूर्व विधायक आशा नौटियाल, अधिवक्ता संजय शर्मा दरमोड़ा, अशोक खत्री, पूर्व जिपं अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, अनूप सेमवाल, दिनेश बगवाड़ी, देव प्रकाश सेमवाल और शकुंतला जगवाण ने दावेदारी प्रस्तुत की।