शंकराचार्य माधवाश्रम अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया है। यह प्लांट प्रति मिनट दो सौ लीटर और 12 घंटे में 1 लाख 44 हजार लीटर ऑक्सीजन उत्पादन कर रहा है। रविवार रात से सोमवार दिनभर तक प्लांट से बनने वाले ऑक्सीजन को दस मरीजों को भी दिया गया है। इस सुविधा से जिला चिकित्सालय समेत सीएचसी व पीएचसी को भी ऑक्सीजन सप्लाई की जाएगी।
रविवार शाम 6.30 बजे से ऑक्सीजन प्लांट से ऑक्सीजन का उत्पादन शुरू हो गया था। पूरी रातभर प्लांट नियमित रूप से कार्य करता रहा। इस दौरान अस्पताल में भर्ती कोविड-19 संक्रमित आठ मरीजों को नियमित ऑक्सीजन मुहैया कराई गई। इधर, सोमवार को भी प्लांट अपनी पूरी क्षमता के साथ कार्य करता रहा। इस दौरान दो और गंभीर मरीजों को भी ऑक्सीजन दी गई, जिससे यहां कुल 10 मरीजों को प्लांट से तैयार हो रही ऑक्सीजन दी जा रही है। अस्पताल में तैनात प्रकाश सेमवाल ने बताया कि प्लांट की क्षमता 14 हजार लीटर ऑक्सीजन उत्पादन की है। अब, अस्पताल में एक साथ 36 मरीजों को ऑक्सीजन सप्लाई की जा सकेगी। इधर, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि प्लांट से उत्पादित ऑक्सीजन को जिला चिकित्सालय समेत अन्य अस्पतालों को सप्लाई किया जाएगा, जिससे जरूरतमंदों को लाभ मिलेगा।