रुद्रपुर। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने देहरादून से पहुंची शहरी विकास के अपर कार्यक्रम निदेशक विनय मिश्रा व उनकी सर्वे टीम के साथ विधायक राजकुमार ठुकराल और मेयर रामपाल सिंह की मौजूदगी में शहर को आधुनिक मॉडल के रूप में विकसित करने को लेकर चर्चा की। उन्होंने एडीपी की सर्वे टीम को शहर को ड्रोन के माध्यम से मैपिंग प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एमएनए जयभारत सिंह को टीम के साथ ड्रोन के माध्यम से मैपिंग प्लान कार्यों में पूरा सहयोग करने को कहा। कहा कि शहर की मैपिंग इस तरह की जाए कि आम नागरिक को दिक्कत न हो। कहा कि आधुनिक मॉडल के रूप में शहरवासियों को ट्रांसपोर्ट पार्किंग, सीवर लाइन, बिजली लाइन, सिटी पार्क, गैस पाइप लाइन, सीसीटीवी कैमरे आदि सुविधाएं दी जाएंगी। कहा कि इस संबंध में व्यापार मंडल और अन्य संगठनों के साथ भी बैठक कर सुझाव लिए जाएं। जिन स्थानों पर निर्माण कार्य करना है वहां के लोगों से भी वार्ता की जाए। शहर को लंबे समय तक विकसित रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सीडीओ मयूर दीक्षित, एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल, प्रशिक्षु आईएएस अशोक मिश्रा आदि मौजूद रहे।