प्रभारी मंत्री डा. धन सिंह रावत ने जीआईसी पीड़ा-धरपुर में आयोजित जनता दरबार में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने गरीब, असहाय व जरूरतमंद 200 परिवारों को कंबल और पांच कृषकों को कंप्रेशर मशीन प्रदान की। इस मौके पर 46 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 27 का मौके पर निस्तारण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को दस दिनों में शिकायतें निस्तारित करने के निर्देश देते हुए बताया कि वह 16 जनवरी को समीक्षा करेंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक परिवार को शौचालय, बिजली, पानी, पेयजल, आवास, रसोई गैस की उपलब्ध कराने के साथ ही गांवों को सड़क से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। जनता दरबार में खैरपाणि के ग्रामीणों ने मिनी आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग की। वहीं पीड़ा के ग्रामीणों ने स्थानीय इंटर कॉलेज में तैनात एक शिक्षक के स्थानांतरण की मांग की। पाबौ के ग्रामीणों ने गांव के जूनियर हाईस्कूल के उच्चीकरण व बीरों गांव के कुंवर सिंह ने भालू के हमले में घायल हुए सूर्य सिंह को आर्थिक मदद की गुहार लगाई। इस मौके पर क्षेत्रीय जनता ने एक स्वर में उच्च शिक्षा मंत्री ने रैंतोली-जसोली मेाटर मार्ग के निर्माण में बरती गई अनियमितता की जांच की मांग भी की। इस मौके पर जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह, विधायक भरत सिंह चौधरी, जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल समेत प्रशासनिक व विभागीय अधिकारियों के अलावा ग्रामीण मौजूद थे।