गुवाहाटी में आयोजित खेलो इंडिया युवा खेलकूद महोत्सव में पौड़ी की अंकिता ध्यानी ने उत्तराखंड के लिए अंडर-21 बालिका वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। जबकि अगस्त्यमुनि खेल विभाग के छात्रावास की छात्रा गौरी ने कास्य पदक जीता है।
जिला खेल अधिकारी महेशी आर्य ने बताया कि 10 से 14 जनवरी तक खेलो इंडिया युवा खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें आखिरी दिन एथलेटिक्स स्पर्धा में अंडर-21 बालिका वर्ग में अंकिता ध्यानी ने 4 मिनट 22 सेकंड का समय लेते हुए पांच हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता। बीते वर्ष भी छात्रा ने एथलेटिक्स में दो स्वर्ण पदक जीते थे। वह वर्तमान में भोपाल में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। जिला खेल अधिकारी ने बताया कि पौड़ी जनपद की मूल निवासी अंकिता ध्यान ने बीते वर्ष ही अगस्त्यमुनि छात्रावास से पासआउट किया था। वह जनपद व राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी 100, 200, 500, 1000 व 5000 मीटर दौड़ में कई पदक अपने नाम कर चुकी है। खेलो इंडिया में अंकिता व गौरी के प्रदर्शन से उत्तराखंड व रुद्रप्रयाग का मान बढ़ा है। विभागीय स्तर पर दोनों प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।