केदारनाथ से वासुकीताल-त्रियुगीनारायण रूट पर ट्रेकिंग के लिए निकले देहरादून व नैनीताल के चार दोस्तों को पुलिस ने पूछताछ के बाद घर रवाना कर दिया। चारों युवक ट्रेकिंग के दौरान रास्ता भटक गए थे ,जिन्हें बृहस्पतिवार रात्रि को स्थानीय युवकों के रेस्क्यू दल द्वारा जंगल से सकुशल तोषी गांव लाया गया था।
शुक्रवार को थानाध्यक्ष होशियार सिंह पंखोली के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम तोषी गांव पहुंची और चारों दोस्तों को सुबह 9 बजे त्रियुगीनारायण से सोनप्रयाग थाने में लाया गया। जहां पर पूछताछ में चारों दोस्त जितेंद्र सिंह भंडारी, जगदीश बिष्ट, हिमांशु गुरंग और मोहित भट्ट ने बताया कि वे 12 जुलाई को देहरादून से केदारनाथ पहुंचे थे। 13 जुलाई की सुबह उन्होंने मंदिर परिसर में बाबा केदार के दर्शन किए और उसके बाद चारों वासुकीताल-त्रियुगीनारायण रूट पर ट्रेकिंग रूट के लिए निकल गए थे। आठ किमी खड़ी चढ़ाई पार कर वे वासुकीताल पहुंचे। जहां खराब मौसम के कारण रास्ता भटक गए थे। थानाध्यक्ष पंखोली ने बताया कि चारों लोगों के पास केदारनाथ तक का ई-पास था, लेकिन ट्रेकिंग को लेकर उनके पास कोई अनुमति नहीं थी। बावजूद, कड़ी हिदायत देकर उन्हें छोड़ा गया है।