पुलिस को ट्रक चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर ट्रक भी बरामद कर लिया है। दोनों ने पैसों की कमी को पूरा करने के लिए ट्रक चोरी किया था। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
बुधवार को सीओ पंकज गैरोला ने भगवानपुर थाने में ट्रक चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि मंजीत सिंह निवासी गांव बंदावड़, थाना बरवाला जिला हिसार (हरियाणा) ने क्षेत्र के गांव किशनपुर में ट्रांसपोर्ट ऑफिस खोल रखा है। आठ मार्च को मंजीत सिंह ने तहरीर देकर बताया था कि उनके ऑफिस के बाहर से चोरों ने ट्रक चोरी कर लिया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने देवबंद के दौड़बसी तिराहे के पास से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम व पता सुमित उर्फ गंगा व अमन कुमार निवासी इब्राहिमपुर, रुड़की बताया। दोनों ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट पर काम करते थे। कई माह पूर्व उन्होंने काम छोड़ दिया था। इस बीच उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो उन्होंने ट्रांसपोर्ट ऑफिस के बाहर से दूसरी चाबी बनवाकर ट्रक चोरी कर लिया था। वह ट्रक को सहारनपुर में बेचने की फिराक में थे। सीओ ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस दौरान पुलिस टीम में एसओ पीडी भट्ट, हरिद्वार सीआईयू से एसआई रणजीत तोमर, एसआई विपिन कुमार, एसआई दीपक चौधरी, एसआई आशीष शर्मा, सिपाही प्रवीण बिष्ट, कर्मवीर सिंह, लाल सिंह आदि मौजूद थे।