रुड़की। इस शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए आईआईटी रुड़की में सात नए कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। यह जानकारी आईआईटी में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में दी गई।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में शनिवार को वर्चुअल समारोह आयोजित किया गया। इसमें आईआईटी के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष बीवीआर मोहन रेड्डी ने समारोह की अध्यक्षता की। भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव प्रो. आशुतोष शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। संस्थान के शिक्षा कार्यों के डीन प्रो. अपूर्व कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और आईआईटी रुड़की के नए प्रोग्रामों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान के करिकुलम में छह पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री और एक पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम जोड़ा जाएगा। इन नए कोर्सों में सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड डेटा साइंस (सीएड्स) के तहत एमटेक (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और एमटेक (डेटा साइंस), डिजाइन विभाग के तहत एमडिज (औद्योगिक डिजाइन), एमआईएम (इनोवेशन मैनेजमेंट में मास्टर्स), इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग विभाग के तहत ऑनलाइन एमटेक (माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स और वीएलएसआई), मानविकी और सामाजिक विज्ञान विभाग के तहत एमएस अर्थशास्त्र (पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम) और जल विज्ञान विभाग के तहत एमटेक (बांध सुरक्षा और पुनर्वास) शामिल हैं। आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. अजीत के चतुर्वेदी ने कहा कि संस्थान में शुरू किए गए सभी नए शैक्षिक प्रोग्राम देश की जरूरतों को पूरा करेंगे।