लक्सर/खानपुर। सैनी समाज के लोगों पर मुकदमे दर्ज कराने के विरोध में समाज के लोगों ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। चेतावनी दी यदि लोगों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो सैनी समाज कड़े फैसले लेगा।
रविवार को लक्सर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी ने कहा कि सैनी समाज ने फेरुपुर में कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें किसी भी प्रकार से कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन नहीं किया गया, लेकिन फिर भी मामले को राजनीतिक रंग देते हुए फेरुपुर गांव के आठ युवकों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कहा कि फिलहाल समाज ने पुतला फूंककर सांकेतिक रूप से सरकार को चेतावनी दे दी है। यदि मुकदमे वापस नहीं लिए तो सैनी समाज कठोर निर्णय लेगा। सैनी राजनीतिक मोर्चा के मुख्य संयोजक ब्रह्मपाल सिंह सैनी ने कहा कि सैनी समाज शांतिप्रिय समाज है, लेकिन समाज के लोगों के खिलाफ अकारण मुकदमे दर्ज करके समाज को आक्रोशित किया जा रहा है। ऑल इंडिया सैनी सभा के प्रांतीय अध्यक्ष राजकुमार सैनी और जिलाध्यक्ष करण सिंह सैनी ने कहा कि यदि सरकार ने दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। इस दौरान अमित सैनी, लाल सिंह सैनी, डॉ. नारायण सैनी, धर्म सिंह सैनी, चरण सिंह सैनी, विशाल सैनी, दिनेश सैनी, सुशील सैनी, रजनीश सैनी, शुभम सैनी, आशीष सैनी, आशुतोष सैनी और अरुण सैनी आदि मौजूद रहे।