लंढौरा। ढंडेरा में डाकखाने की मिनी शाखा के पोस्टमास्टर की ओर से लोगों के लाखों रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। गुस्साए लोगों ने शाखा पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। साथ ही पोस्टमास्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उधर, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ढंढेरा गांव में डाकखाने की मिनी शाखा खुली है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण शाखा के बाहर पहुंचे और हंगामा कर दिया। आरोप लगाया कि उन्होंने मिनी शाखा में अपने खाते खुलवा रखे हैं। खातों में 10 हजार रुपये से लेकर एक लाख से ज्यादा तक रकम जमा कर रखी है। बताया कि उन्होंने अपनी लड़कियों की शादी व अन्य काम के लिए शाखा पोस्टमास्टर के पास एक लाख रुपये की लॉटरी भी डाल रखी थी। पोस्टमास्टर अब लॉटरी में लगाए गए उनके लाखों रुपये लेकर फरार हो गया है। आरोप लगाया कि पोस्टमास्टर पिछले 15 दिन से शाखा पर नहीं पहुंच रहा है। मोबाइल पर कॉल करने पर कॉल रिसीव नहीं कर रहा है। बताया कि वह वह लेनदेन करने के लिए मेन पोस्ट ऑफिस पहुंचे, जहां पर पता चला कि पासबुक में जो जमा राशि दिखाई गई है, वह अकाउंट में नहीं है। लॉटरी लगाने वाले लोगों ने जमकर हंगामा करते हुए अपनी रकम वापस दिलाए जाने की मांग की है। उधर, मुख्य डाकघर के पोस्टमास्टर मशरूफ का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है, जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हंगामा करने वालों में सतीश धीमान, साजिद, मोहसिन, रईस, बबलू, शाहिदा, जहीर हसन, हसीन, छोटी, फिरोज, अमजद, रहीसा, कविता, अनिल कुमार, चंपा आदि लोग शामिल रहे।