पिरान कलियर। कलियर क्षेत्र के माजरी गांव और कनखल में हुई डकैती के मामले में पुलिस और दून एसटीएफ ने पांच हजार रुपये के एक ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इससे पूर्व भी पुलिस डकैती में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
कलियर थाना क्षेत्र के गांव माजरी में आठ सितंबर 2018 को महिपाल और 15 सितंबर को कनखल के रुद्र विहार कालोनी में विकास कुमार के यहां हथियारों के बल पर घर में घुसकर बदमाशों ने डकैती डाली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू जर दी थी। इस मामले में पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में एक बदमाश फाल्ला फरार चल रहा था। उसके ऊपर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बदमाश की तलाश में दून एसटीएफ और कलियर पुलिस दोनों लगी थी। शुक्रवार को एसटीएफ और पुलिस ने संयुक्त रूप से नजीबाबाद बस स्टैंड से बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी जगमोहन रमोला ने बताया कि डकैती में फरार चल रहे बदमाश फाल्ला पुत्र सब्बू निवासी ग्राम जाफरपुर, थाना मैनाठेर जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। इस दौरान टीम में थाना प्रभारी जगमोहन रमोला, एसटीएफ एसआई उमेश कुमार, एसआई नीरज मेहरा, कांस्टेबल हितेश कुमार, कैलाश नयाल, संजय कुमार, अरविंद कुमार शामिल रहे।