परिणाम जानने को प्रत्याशियों व समर्थकों में दिखी बेचैनी
रुड़की। पंचायत चुनाव में मंगलवार को सुबह आठ बजे से ब्लाकों में मतगणना का कार्य शुरू हो गया। पहले राउंड की मतगणना शुरू होते ही मतों के अंतर के साथ ही प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें भी बढ़ती घटती रहीं। एक ओर जहां प्रत्याशी और समर्थक केएलडीएवी इंटर कालेज परिसर के भीतर मतगणना पर नजर बनाए हुए थे। वहीं दूसरी ओर परिसर के बाहर प्रत्याशियों के समर्थकों का भारी जमावड़ा था, जो हर पल बैरीकेडिंग तोड़कर परिसर के अंदर आने को बेताब दिख रहे थे, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उनकी नहीं चल पा रही थी। पुलिस ने मतगणना स्थल के चारों ओर के रास्ते बंद कर रखे थे, ताकि परिसर के आसपास अत्यधिक भीड़ न हो। इसके बावजूद परिसर के आसपास की छतों और दीवारों पर खड़े होकर लोग परिणाम जानने को बेकरार दिख रहे थे। रुड़की ब्लाक में पहला परिणाम करीब पौने एक बजे घोषित किया गया। इसमें दौलतपुर प्रधान पद पर अनुराग गिरि को विजयी घोषित किया गया, जबकि बहादरपुर सैनी से नरेंद्र सिंह को विजयी घोषित किया गया। जीत-हार की घोषणा के साथ ही प्रत्याशियों के चेहरे के भाव भी बदलते रहे। मतगणना के दौरान बार-बार प्रत्याशियों और एजेंटों की ओर से आपत्तियां दर्ज कराई जा रही थी। खासतौर से बहादरपुर सैनी सीट पर जीत-हार की घोषणा के बाद बार-बार आपत्तियों से अधिकारी भी हलाकान दिखे। खासतौर से बहादरपुर सैनी से हारने वाले प्रधान की ओर से बार-बार आपत्ति दर्ज कराई गई। साथ ही दुबारा से मतगणना की मांग की जाती रही।