बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत राजकीय प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर में शिक्षा विभाग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग ने जन जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सरकारी योजनाओं की लोगों को जानकारी दी गई।
इसमें परम पर्वतीय रंगमंच एवं सांस्कृतिक समिति के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। कलाकारों ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान बिना भेदभाव के हर बेटा और बेटी को शिक्षित करने की बात कहता है। निशुल्क और गुणवत्ता परक शिक्षा और बेटियों को हर संभव अवसर समय-समय पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बाल विकास विभाग बेटियों के जन्म को जन्मोत्सव के रूप में मना रहा है। वहीं बेटियों को नंदा गौरा कन्या धन योजना के अंतर्गत लाभांवित कर 51-51 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। परम के कलाकारों ने हरिद्वार की बेटी व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया और आईएएस अनुराधा पाल का उदाहरण देकर समझाया कि हरिद्वार की बेटियां भी बड़े स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर रही है। परम की टीम लीडर योगंबर पोली ने कहा कि शिक्षा, विभाग एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से जनपद के 10 न्यून बालिका शिक्षा क्षेत्रों में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ पर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान सुदीप घिल्डियाल, सुमित कुंवर, रघुवीर पंवार, पारस रावत, प्रीति रावत, इंदु नेगी, हेमंत ध्यानी, रविंद्र सिंह, पूनम अग्रवाल, संगीता शर्मा, मोहम्मद आरिफ, सुपरवाइजर उर्मिला सहगल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शबनम, अतिया जमाल, ग्राम प्रधान पुहाना मोहम्मद सलीम उपस्थित रहे।