भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर धरना दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने किसानों से वार्ता की और आश्वासन दिया कि टोल प्लाजा के एमडी से वार्ता कर मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भगवानपुर टोल प्लाजा पर तैनात तीन कर्मचारियों की मेरठ क्षेत्र के दोराला के पास 20 दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। सोमवार को मृतकों के परिजनों के साथ भारतीय किसान यूनियन (क्रांति) के प्रदेश अध्यक्ष विकास सैनी के नेतृत्व में किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर टोल प्लाजा पर धरना दिया। विकास सैनी ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। जब तक मुआवजा नहीं दिया जाएगा, धरना जारी रहेगा। सूचना पर एसडीएम ब्रिजेश कुमार तिवारी और एसओ पीडी भट्ट मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने किसानों से धरना समाप्त करने की बात कही, लेकिन वे मुआवजा मिलने तक धरना देने पर अड़े रहे। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि जल्द ही टोल प्लॉजा के एमडी से वार्ता कर मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान नीटू सैनी, पृथ्वी सैनी, सोनू, गुरुविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।