खेल महाकुंभ के तहत कोर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिताओं में तीसरे दिन अंडर-14 के खिलाड़ियों ने सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में न्याय पंचायत दौलतपुर की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। खो-खो में रुड़की के केवि वन की खिलाड़ियों ने परचम लहराया।
कोर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल और शिक्षा विभाग की ओर से चल रहे खेल महाकुंभ के तहत तीसरे दिन सामूहिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप खंकरियाल ने बताया कि बुधवार को बैडमिंटन एकल बालक वर्ग में आर्यन सैनी प्रथम, हर्षित सिंह द्वितीय और दिव्यांश भारद्वाज तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सिद्धि राठी प्रथम, हिमांशी द्वितीय और निशा तृतीय स्थान पर रहीं। खो-खो बालिका वर्ग में केंद्रीय विद्यालय नंबर एक की टीम प्रथम, पनियाला की टीम द्वितीय और नन्हेड़ा अनंतपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। इसी तरह बालक वर्ग में केवि प्रथम की टीम पहले, डेलना की टीम दूसरे और दौलतपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। कबड्डी बालक वर्ग में तांशीपुर, रुड़की और भौरी की टीम क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रही। बालिका वर्ग में दौलतपुर, भौरी और रुड़की की टीम क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रही। इस दौरान पीटीआई मंजीत राणा, अंजेश और अमरपाल आदि मौजूद रहे।