आम आदमी पार्टी के कलियर से आप प्रत्याशी इंजीनियर शादाब आलम के समर्थन में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने क्षेत्र में जनसंपर्क किया। साथ ही जनता से आम आदमी पार्टी को वोट देने की अपील की। शुक्रवार को मनीष सिसोदिया ने विधानसभा के गांव इमलीखेड़ा, मोहम्मदपुर पांडा, हकीमपुर, नागल, मेहवड़, माजरी समेत अन्य गांवों में जनसंपर्क किया। मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ अपनी सरकार बनाने जा रही है। कलियर प्रत्याशी इंजीनियर शादाब आलम बेहद ही ईमानदार और निष्ठावान प्रत्याशी हैं। उन्होंने जनता से अपना कीमती वोट देकर उन्हें भारी मतों से जिताने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिछले 21 साल में कांग्रेस और भाजपा ने उत्तराखंड के लोगों को सिर्फ मूर्ख बनाया है। दोनों ही पार्टियों ने उत्तराखंड के लोगों के लिए कोई ठोस काम नहीं किया। सिर्फ आम आदमी पार्टी ही आम आदमी के लिए विकास कार्यों को कर सकती है। दिल्ली मॉडल हमने पूरे देश में विकास के रूप में पेश किया है। इंजीनियर शादाब आलम ने कहा कि वह अपने सभी वादों को गारंटी के साथ पूरा करेंगे। पार्टी के सत्ता में आने के बाद दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। इस दौरान शहजाद, दानिश, फिरासत, आसिफ, वसीम अहमद, सद्दाम खान, किरण, मुन्नी, पाली, खुशबू, संध्या, इरफान, देवानंद, इसरार, गुलशेर, इकबाल आदि मौजूद रहे।