क्षेत्र के ग्राम पुहाना के पास ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक घायल हो गया। घायल को ऋषिकेश एम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झबरेड़ा निवासी अजय कश्यप (23) अपने साथी के बाइक से देर रात लगभग दो बजे झबरेड़ा से शाकुंभर जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार ग्राम पुहाना के निकट पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक समेत चालक मौके से भाग गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायलों को रुड़की अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां पर डॉक्टरों ने अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की हालत गंभीर देखते हुए ऋषिकेश एम्स अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल में भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।