रुड़की। ग्रीन पार्क कॉलोनी की टूटी सड़कें और वहां होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी और भारतीय किसान यूनियन अंबावत के पदाधिकारियों ने प्रशासन और जन प्रतिनिधियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि सड़कें ठीक नहीं होने से लोग नर्क जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं। इस दौरान मौके पर पहुंची ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को उन्होंने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
बृृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव शेख अहमद जमा और भाकियू अंबावत के नेता फरमान त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रामपुर चुंगी पर ग्रीन पार्क कॉलोनी की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने बताया कि रामपुर चुंगी से दून पब्लिक स्कूल और ग्रीन पार्क कॉलोनी तक जाने वाली सड़क टूटी पड़ी है। इसके अलावा ग्रीन पार्क कॉलोनी की अंदर की सड़कें भी बदहाल है। यहां जलभराव की समस्या आम हो गई है। इस कारण यहां रहने वाले लोग, राहगीरों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोग प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कई बार क्षेत्रीय विधायक को भी अवगत कराया गया है, लेकिन उन्होंने क्षेत्र में सड़क बनाए जाने का आश्वासन देने के अलावा कुछ नहीं किया। इस दौरान सूचना पाकर मौके पर पहुंचीं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे को सपा और भाकियू अंबावत के पदाधिकारियों ने मांगपत्र सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में मुकर्रम जहीर, अहमद मोहर्रम अली, नईम अब्बासी, गुफरान अहमद, शमशाद अहमद, आलिम, इरफान अहमद, नौशाद अली, नईम अहमद, इमरान अहमद, गुड्डू, हाजी याकूब, इरशाद अहमद, परवेज अली और मुंतजीर अहमद आदि मौजूद रहे।