लालढांग क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद रुड़की पहुंचे उत्तराखंड अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष मूरत राम शर्मा ने कहा कि अनुसूचित जनजाति के लोगों की समस्याएं प्राथमिकता के आधार पर हल कराई जाएंगी।
बृहस्पतिवार को आयोग के अध्यक्ष मूरत राम शर्मा का भाजपा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष नरेश शर्मा के कैंप कार्यालय पर स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लालढांग के बालक और बालिका आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। बालक आवासीय विद्यालय में पांच स्वीकृत पदों पर केवल एक शिक्षक तैनात थे जबकि बालिका विद्यालय में पांच पदों पर चार शिक्षक तैनात थे। उन्होंने स्टाफ को आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारी से संपर्क कर स्टाफ तैनात कराया जाएगा। इस दौरान उनके पास बोक्सा जाति के कुछ लोग पहुंचे और समस्याओं से अवगत कराया। एक युवती रोहिनी ने अपनी जमीन पर कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा कब्जा करने की शिकायत की। एक अन्य अनुसूचित जनजाति के व्यक्ति निरेंद्र ने जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि दोनों मामलों में एसएसपी और डीएम को पत्र भेजकर जमीन को कब्जामुक्त कराए जाने के निर्देश दिए जाएंगे। रुड़की में उन्होंने लक्ष्मी विहार कॉलोनी में लोगों की समस्याएं सुनी। लोगों ने कॉलोनी में बिजली-पानी और जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस मौके पर मुकेश यादव, राकेश धीमान, अवनीश चौधरी, अतुल, सुधीर राठौर, ललित शर्मा, सौरभ गोयल, कुलदीप शर्मा, अमित गुर्जर, हिमांशु धीमान आदि मौजूद रहे।