{"_id":"67c75a5e73257887540677bd","slug":"villagers-will-get-relief-from-climbing-a-three-kilometer-rishikesh-news-c-5-1-drn1046-633659-2025-03-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rishikesh News: ग्रामीणों को मिलेगी तीन किमी की चढ़ाई चढ़ने से निजात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rishikesh News: ग्रामीणों को मिलेगी तीन किमी की चढ़ाई चढ़ने से निजात
Wed, 05 Mar 2025 01:24 AM IST
देहरादून ब्यूरो
संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश
Updated Wed, 05 Mar 2025 01:24 AM IST
विज्ञापन
यमकेश्वर विकासखंड अंतर्गत कंडवाल गांव के ग्रामीणों को अब करीब तीन किमी की खड़ी चढ़ाई चढ़ने से निजात मिलेगी। गांव में अब जिला योजना से करीब चार किमी की लंबी सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग दुगड्डा डिविजन को करीब दस लाख की धनराशि स्वीकृति हो चुकी है। नाै मार्च को यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट शिलान्यास करेंगी। कंडवाल गांव में करीब 40 से 50 परिवार हैं। गांव में सड़क सुविधा नहीं होने के कारण एक के बाद एक कई परिवार पलायन कर गए हैं। सड़क सुविधा को लेकर बीते 20 वर्षों से ग्रामीण शासन-प्रशासन से मांग करते आ रहे थे। कई बार सड़क निर्माण की उम्मीद जगी थी, लेकिन किसी न किसी कारण से अवरोध होता रहा है। तत्कालीन विधायक विजय बड़थ्वाल, ऋतु भूषण खंडूड़ी से लेकर विधायक रेनू बिष्ट और जिला पंचायत से रोड निर्माण की लगातार मांग की जा रही थी। यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट की पहल पर गांव के लिए जिला प्लान से लोनिवि की ओर से सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई है। जिसके लिए दस लाख की पहली किश्त जारी की गई है। स्थानीय ग्रामीण कमल किशोर कंडवाल, कन्हैयालाल, सत्य प्रसाद, राजेंद्र ने बताया कि करीब छह महीने पहले ग्रामीणों ने स्वयं के प्रयास और जिला पंचायत से रोड निर्माण की पहल की थी। कुछ तकनीकी कारणों से सड़क निर्माण कार्य सफल नहीं हो पाया। अब स्थानीय विधायक की पहल पर सड़क निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। इससे क्षेत्र के आसपास पर्यटन के साथ ही क्षेत्र के विकास को बढ़ावा मिलेगा।
विज्ञापन