ऋषिकेश। नगर निगम की ओर से आईएसबीटी के पास टीएमओयू के बुकिंग कार्यालय के बाहर हो रहे नाली निर्माण ट्रांसपोर्टरों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि मानकों के विरुद्ध काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गुणवत्तापूर्ण कार्य को लेकर मुख्य नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
टीजीएमओ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि निगम की ओर से आईएसबीटी के पास टीएमओयू के बुकिंग कार्यालय के बाहर नाली निर्माण किया जा रहा है, उसमें गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। निगम की ओर से पुरानी नाली में करीब डेढ फीट ब्यास के ह्यूम पाइप लगाकर नाली को भूमिगत किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था की ओर से कार्य के दौरान ह्यूम पाइप के नीचे सीमेंट की सतह(बेस) नहीं बनाया गया। भूमिगत ह्यूम पाइप के जोड़ की जगह पर जो चेंबर बनाया जा रहा है, उसके ऊपर सीधे ढक्कन रखा जा रहा है। बिना सीमेंट कंक्रीट वाले फ्रेम (सीसी फ्रेम) के चेंबर का ढक्कन रखने से बसों के आने से चेंबर का ढक्कन क्षतिग्रस्त हो जाएगा। जिससे नाली भी क्षतिग्रस्त हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि मानकों के अनुरुप नाली का निर्माण नहीं होता है तो सभी ट्रांसपोर्टर नगर निगम कार्यालय में जाकर विरोध दर्ज कराएंगे। मानकों के विपरीत काम और घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं नगर निगम के निर्माण विभाग के अपर सहायक अभियंता तरुण लखेड़ा ने बताया कि नाली निर्माण के लिए कम बजट स्वीकृत किया गया है, इसलिए बिना सीसी फ्रेम के ही ढक्कन रखा जा रहा है, निर्माण पूरा होने के बाद उसके ऊपर सीमेंट कंक्रीट की परत चढाई जाएगी।