विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने ऋषिकेश पशुलोक में टिहरी विस्थापित क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने टिहरी विस्थापित क्षेत्र, पशुलोक, आईडीपीएल व कृष्णा नगर कॉलोनी को राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य के स्थापना दिवस तक टिहरी विस्थापित क्षेत्र पशुलोक, आईडीपीएल कृष्णा नगर कॉलोनी में जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पेंशन आदि सेवाओं को प्रारंभ किया जाए। उन्होंने मुख्य रूप से पशुलोक में टिहरी विस्थापित लोगों की समस्या को लेकर अधिकारियों से वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को टिहरी विस्थापित क्षेत्र पशुलोक को राजस्व ग्राम बनाए जाने की कार्रवाई को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अधिकारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त करते हुए कहा कि नौ नवंबर से पहले इन सभी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। साथ ही राजस्व ग्राम बनाए जाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। इस अवसर पर राजस्व सचिव सुशील कुमार, जिलाधिकारी रविशंकर, विप्रा त्रिवेदी, उपजिलाधिकारी प्रेमलाल, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पीएन राय, अधिशासी अभियंता आरके गुप्ता, सहायक अभियंता बीएस नेगी, टीएचडीसी के सहायक प्रबंध निदेशक बीके गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीएस पंवार, सुंदरलाल बिजल्वाण, जगदंबा सेमवाल, नरेंद्र राणा, हरीश भंडारी आदि मौजूद रहे।