ऋषिकेश। छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार विकास को लेकर कार्य कर रही है, लेकिन भाजपा संपूर्ण भारत में धर्म की राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार बार उत्तराखंड का दौरा कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत के निवास स्थान पर छत्तीसगढ़ के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा राम मंदिर निर्माण के लिए पूरे देश में वोट बटोरने के लिए राजनीति करती रही है। वास्तव में छत्तीसगढ़ में कौशल्या माता का मंदिर का बनाया जाना है। कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है। जहां सभी लोग एकजुट होकर कार्य करते हैं। जहां भी कांग्रेस की सरकार है सभी जगह विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इस बार उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। जिसे लेकर वह भी उत्तराखंड का दौरा कर जनता की आवाज को सुनने का कार्य कर रहे हैं। जिसकी रिपोर्ट हाईकमान को देंगे। छत्तीसगढ़ को पूरे भारत में धान के कटोरे के रूप में पहचान मिली है, उसी के अनुरूप हम छत्तीसगढ़ के विकास कार्य में लगे हैं। वे अपने दौरे के दौरान उत्तराखंड के तीर्थ स्थलों में जाएंगे। जिससे भगवान का आशीर्वाद छत्तीसगढ़ की जनता को मिल सके। इस मौके पर उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री विजय सारस्वत, आरपी सिंह, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, विकास उनियाल, पुष्कर सारस्वत, ललित सक्सेना, दीनदयाल, संजय भारद्वाज आदि शामिल रहे।