ऋषिकेश। थाना रायवाला अंतर्गत सप्तऋषि सीमा के पास हरिपुरकलां में एक निर्माणाधीन मकान की अचानक छत गिर गई। छत के गिरने से वहां पर काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के चक्कर में मजदूर इधर-उधर भाग निकले। इस हादसे में दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना रायवाला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना रायवाला पुलिस ने रेस्क्यू कर मलबे के नीचे दबे दो मजदूरों को बाहर निकाला। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई।
रायवाला थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उन्हें सूचना मिली की हिमालयन कॉलोनी हरिपुरकलां स्थित निर्माणाधीन बाबा गरीबनाथ आश्रम की छत गिर गई है। घटना स्थल पर सीओ डीसी ढौंडियाल भी पहुंचे। पुलिस टीम ने कड़ी मशकत के बाद क्रेन की मदद से मलबे को हटाया। उसके बाद उसके नीचे दबे राजू भाई (45) पुत्र खीमजी भाई, निवासी पोरबंदर, जिला पोरबंदर, गुजरात और सुभाष (35) पुत्र मदनलाल, निवासी दिल्ली को बाहर निकाला गया। घायलों को 108 सेवा की मदद से सरकार अस्पताल हरिद्वार भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने राजूभाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सुभाष का अस्पताल में उपचार चल रहा है।