{"_id":"2455c25b0d60c1b4f3f3c0ed1a1ae1c2","slug":"meeraban-road-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मरम्मत की बाट जोह रहा मीराबेन मार्ग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मरम्मत की बाट जोह रहा मीराबेन मार्ग
ब्यूरो, अमर उजाला/ऋषिकेश
Updated Sat, 02 Jan 2016 02:02 AM IST
विज्ञापन
आईडीपीएल सीटीगेट स्थित हरिद्वार हाईवे से ग्राम पंचायत बापूग्राम को जोड़ने वाला मुख्यमार्ग मरम्मत की बाट जोह रहा है। हजारों की आबादी के एकमात्र मुख्य मार्ग की स्थिति बेहद दयनीय बनी हुई है। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे होने से दुपहिया वाहन चालक और राहगीर चोटिल हो रहे हैं। लेकिन जिम्मेदार विभाग सड़क की मरम्मत करने की बजाए लापरवाही बरत रहे हैं।
विज्ञापन
बापूग्राम, बीसबीघा, शिवाजीनगर आदि लगभग 15 हजार से अधिक आबादी वाले इलाकों की एकमात्र लाइफ लाइन की हालत मेंटीनेंस के अभाव में दयनीय बनी हुई है। हैरत की बात यह है कि इसी मार्ग से रोजाना कई वीवीआईपी भी गुजरते हैं। बावजूद इसके किसी भी राजनेता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बदहाल मार्ग की सुध लेना मुनासिब नहीं समझा।
विज्ञापन
ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के प्रतिनिधि भी अपने वोटरों को एक अदद सुगम सड़क दे पाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। ऐसे में खासकर रात के समय पथ प्रकाश के अभाव में घुप अंधेेरे के कारण दुपहिया वाहन चालक और पैदल राहगीर गड्ढों की चपेट में आकर चोटिल हो जाते हैं।
विज्ञापन
क्षेत्रवासी दिनेश चौहान, नवीन रतूड़ी, अमर सिंह नेगी, सुरेंद्र सिंह रावत, कमल किशोर कंडवाल, अनीता भट्ट, ओपी कंडवाल ने बताया कि मुख्य मार्ग पर बने गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बने हुए हैं। लेकिन आज तक ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मामला संज्ञान में होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया।
इनकी सुनिए
मामला संज्ञान में है, समस्या के समाधान के लिए पत्र के माध्यम से शासन को अवगत कराया जा चुका है। उम्मीद है कि जल्द ही सड़क की मरम्मत हो जाएगी। इससे हजारों की आबादी लाभान्वित हो सकेगी।-अनीता असवाल, प्रधान, ग्राम पंचायत ऋषिकेश ।