फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Rishikesh News ›   Kanwariyas will be welcomed, weapons will be confiscated at the border of the district

कांवड़ियों का करेंगे स्वागत, हथियार जिले की सीमा पर होंगे जब्त

Tue, 12 Jul 2022 09:45 PM IST
Dehradun Bureau देहरादून ब्यूरो
Updated Tue, 12 Jul 2022 09:45 PM IST
विज्ञापन
Kanwariyas will be welcomed, weapons will be confiscated at the border of the district
‘पुलिस कांवड़ियों का स्वागत करेगी, लेकिन उनके वाहन शहर में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। हालांकि पैदल कांवड़ियों को शहर में प्रवेश की इजाजत होगी।’ ये बातें ऋषिकेश में आयोजित बैठक के दौरान डीआईजी/ एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी ने कहीं। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान तलवार, त्रिशूल, डंडे जैसे हथियारों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। रायवाला चेक पोस्ट पर ही कांवड़ियों के हथियारों को जब्त कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

कांवड़ यात्रा कल से शुरू हो रही है। इसके लिए डीआईजी/एसएसपी ने ऋषिकेश देहरादून मार्ग स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में व्यापारियों, होटल व्यवसायियों, आटो, विक्रम, ई रिक्शा यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसएसपी ने बताया कि व्यापारियों के हित को देखते हुए पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों को शहर प्रवेश की इजाजत दी गई है। कप्तान के इस फैसले पर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कहा कि पहली बार पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों के हित में फैसला लिया है। कांवड़ियों के शहर के भीतर आने से व्यापार बढ़ेगा। डीआईजी ने कहा कांवड़ यात्रा को लेकर व्यवस्था बनाई जाती है, जिस पर अमल के लिए नियमों के पालन और सामूहिक प्रयास की जरूरत होती है। उन्होंने सीओ डीसी ढौंडियाल को व्यापारियों, यूनियनों और पुलिस अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी इस ग्रुप में अपनी समस्या और सुझाव देंगे। समस्याओं के निराकरण और सुझावों पर अमल को सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी उनकी होगी। बैठक में सीओ डीसी ढौंडियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक डीपी काला, रायवाला थाना प्रभारी भुवन चंद्र पुजारी, रानीपोखरी थाना प्रभारी शिशुपाल सिंह राणा,त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनोद कुमार, देवभूमि उत्तरांचल उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सुभाष कोहली, रवि जैन, प्रदीप कोहली, गुरविंदर सिंह गुर्री, मनोज कालरा, नितिन गुप्ता, धीरज मखीजा, जगमोहन सकलानी, सौरभ गर्ग, नवदीप नगरिया, हितेंद्र पंवार, हर्षित गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
विज्ञापन

पार्किंग पर पूरा फोकस, अस्थायी चौकी बनेगी
डीआईजी ने कहा कि कांवड़ियों के चौपहिया वाहनों को पार्किंग में रोका जाएगा। यहां से कांवड़िए पैदल यात्रा करेंगे। इसके लिए आईडीपीएल में पार्किंग बनाई गई है। पार्किंग में एक अस्थाई चौकी बनाई जाएगी, जिसमें एक उपनिरीक्षक और पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। पार्किंग में प्रवेश और निकासी द्वार अलग-अलग होंगे। बाइक से आने वाले कांवड़ियों को चीला मार्ग, बैराज होते हुए नीलकंठ भेजा जाएगा। इनकी वापसी गरुड़चट्टी से तपोवन और फिर नटराज चौक होगी। पैदल कांवड़ियों को बाजार में आने की छूट होगी, लेकिन यात्रा का रूट सभी के लिए एक जैसा ही होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

व्यापारियों के लिए जारी होंगे पास
डीआईजी ने कहा कि व्यापारियों को आवागमन के लिए पास जारी किए जाएंगे। इसके साथ व्यापारियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए रात में निर्धारित अवधि के लिए मालवाहक वाहनों को भी शहर में प्रवेश दिया जाएगा।
पार्किंग का किया निरीक्षण
डीआईजी जन्मेजय खंडूड़ी ने अधिकारियों के साथ आईडीपीएल और अन्य प्रस्तावित पार्किंग का निरीक्षण भी किया। उन्होंने पार्किंग में लाइट, शौचालय, पेयजल और अस्थाई चौकी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पार्किंग फुल होने के स्थिति में पहले से वैकल्पिक पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
संयुक्त टीम दुकानों में मारेगी छापा
एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि चारधाम की तर्ज पर कांवड़ यात्रा में तहसील प्रशासन, पूर्ति विभाग, खाद्य सुरक्षा, बाट माप विभाग और पुलिस की एक संयुक्त टीम गठित की जाएगी। टीम दुकानों में रेट लिस्ट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेगी। एसडीएम ने कहा व्यापारी दुकानों में स्वयं ही रेट चस्पा कर लें तो कार्रवाई की नौबत ही नहीं आएगी। एसडीएम ने बताया कि रायवाला, हरिपुर कलां क्षेत्र और श्यामपुर क्षेत्र में जिला पंचायत राज विभाग झाड़ियों की कटाई और सफाई की व्यवस्था करेगा। वहीं शहरी क्षेत्र में सफाई की जिम्मेदारी निगम संभालेगा। पार्किंग, आईएसबीटी, एसपीएस राजकीय अस्पताल में पास स्वास्थ्य शिविर की व्यवस्था रहेगी। इन स्थानों पर 108 इमरजेंसी एंबुलेंस भी तैनात रहेगी। पार्किंग में पेयजल की व्यवस्था के लिए जल संस्थान को निर्देशित किया गया है।
बैठक में ये आए सुझाव
- नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र ने कांवड़ियों के वाहनों के लिए पुराने रेलवे स्टेशन की पार्किंग के उपयोग का सुझाव दिया।
- नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने कहा कि पूर्व की तरह इस बार भी स्थानीय लोगों के लिए आटो/ ई रिक्शा आरक्षित होने चाहिए।
-बसों की संख्या बढ़ाने के सुझाव पर एआरटीओ विभाग के प्रतिनिधि ने कहा कि भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।
- व्यापारी संजय व्यास ने कहा कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार, सोमवार को स्कूलों में अवकाश घोषित होना चाहिए, जो स्कूल प्रबंधन न मानें उन पर कार्रवाई हो।
- पुरानी चुंगी पर आटो और विक्रम का अवैध स्टैंड जाम का कारण बनता है। यहां वाहन खड़ा करने पर रोक लगाई जाए।
- व्यापारी पंकज गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सबसे अधिक प्लास्टिक कैन बिकती है। सिंगल यूज प्लास्टिक की प्रतिबंधित सामानों की सूची में कैन का नाम नहीं है। इसके बावजूद निगम व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहा है। निगम की टीम ने कैन जब्त किए तो व्यापारी इसका पुरजोर ढंग से विरोध करेंगे।
‘पिछली कांवड़ यात्रा में तीन दिन नहीं सोया’
डीआईजी/एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी ने कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में वह हरिद्वार के कप्तान थे। हर साल कांवड़ यात्रा के आखिरी तीन दिन व्यवस्था चरमरा जाती थी और कांवड़िए जलाभिषेक के लिए जल भी नहीं उठा पाते थे। इसलिए आखिरी तीन दिन मैं और हमारी पूरी टीम सोयी ही नहीं। भीड़ को नियंत्रित किया गया और सभी कांवड़िए जल लेकर रवाना हुए। एसएसपी ने बताया कि यात्रा के समापन के बाद वह इतना सोए कि कई जरूरी फोन तक नहीं उठा सके।

यात्रा के बाद साथ नहाएंगे गंगा
डीआईजी जन्मेजय खंडूड़ी ने कहा निर्विघ्न रूप से कांवड़ यात्रा संपन्न होने पर सभी लोग मिलकर गंगा नहाएंगे। उन्होंने कहा कि कांवड़िए भगवान शिव के बाराती हैं और हम घाराती। अगर बाराती कुछ बोल भी देते है तो घाराती विनम्रता से मामले को संभाल लेते हैं, क्योंकि वह नहीं चाहते हैं कि विवाह का माहौल खराब हो। उन्होंने कहा कि यात्रा के अंतिम तीन दिन डाक कांवड़ के होंगे, इसमें 18 से 30 आयु वर्ग के जोशीले कांवड़िए उमड़ेंगे। इस उम्र के कांवड़ियों का मिजाज गर्म भी हो सकता है, लेकिन हम सभी को मिलकर यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराना है। इसके लिए मामूली घटनाओं को नजर अंदाज भी करना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed