ऋषिकेश। पेगासस नामक इजराइली सॉफ्टवेयर खरीद कर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके स्टाफ के लोगों की जासूसी करवाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्यामपुर नेपाली फार्म तिराहे पर देश के गृहमंत्री अमित शाह का पुतला फूंका।
पूर्व काबीना मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने कहा कि देश के नागरिकों की जासूसी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जासूसी प्रकरण की संपूर्ण कार्रवाई संविधान का उल्लंघन है। भाजपा सरकार सत्ता में बने रहने के लिए हर प्रकार का हथकंडा अपना रही है। उन्होंने संपूर्ण जासूसी प्रकरण को व्यक्तिगत निजता का हनन बताते हुए गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव विजयपाल सिंह रावत ने कहा कि इस प्रकार किसी की कॉल रिकार्ड करना मौलिक अधिकारों का हनन है। पूर्व प्रदेश सचिव भगवती प्रसाद सेमवाल ने कहा कि देश की सत्ता चलाने वाले लोग अपने ही देशवासियों की जासूसी करवा रहे हैं, जो ठीक नहीं है। पुतला फूंकने वालों में डॉ. कृपाल सिंह रावत, सोहनलाल रतूड़ी, देवी प्रसाद व्यास, मनोज गुसाईं, प्रभारी सतीश रावत, देव पोखरियाल, शोभा भट्ट, दीपक नेगी, कुंवर सिंह गुसाईं, अमन पोखरियाल, आर्यन गिरी, कमल राणा आदि थे।