भरत मदिर इंटर कॉलेज में ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग चैंपियन प्रतियोगिता शुरू हो गई है। पहले दिन प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 130 बॉडी बिल्डरों ने मिस्टर उत्तराखंड का खिताब पाने के लिए पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में अपने बाहुबल का प्रदर्शन किया। शनिवार को बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के बाद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
शुक्रवार को परशुराम हॉल में स्व. जयदत्त शर्मा और स्व. अमरजीत सिंह की स्मृति में दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अतिथि महंत लोकेश दास, संजीव चौहान, निशांत मलिक और अजय गर्ग ने सामूहिक रूप ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। महंत लोकेश दास ने कहा कि बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता एक स्वस्थ परंपरा है। उन्होंने कहा कि आज जहां युवा नशे की ओर से जा रहा है। युवाओं को समाज की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन होना चाहिए। ऋषिकेश बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने कहा कि कोरोना के कारण पिछले साल कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाए थे। कपिल गुप्ता ने कहा कि कोविड के दौरान लोगों को फिटनेस की अहमियत पता चली। विवेक तिवारी ने कहा कि प्रतियोगिता में पूरे उत्तराखंड से 130 बिल्डर आए थे। दो दिवसीय प्रतियोगिता में पहले दिन पावर लिफ्टिंग और दूसरे दिन बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। शनिवार को प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद मिस्टर उत्तराखंड और ऋषिकेश की घोषणा की जाएगी। कार्यक्रम में प्रिया धाकड़ ने अच्छा प्रदर्शन किया। इस अवसर पर ललित जिंदल, हरिचरण सिंह, नीरज कुमार, राकेश कुमार, राकेश सिंह, राजू बिष्ट, प्रवीण सजवाण और प्रदीप कोहली आदि उपस्थित थे।