Pithoragarh Protest: श्रम विभाग कार्यालय में ताले लटकने से चढ़ा श्रमिकों का पारा, किया हंगामा; जानें आरोप
पंजीकरण, कार्ड रिन्यूअल के लिए श्रम प्रवर्तन कार्यालय पहुंचे श्रमिकों का यहां ताला लगा होने पर पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया।
विस्तार
पंजीकरण, कार्ड रिन्यूअल के लिए श्रम प्रवर्तन कार्यालय पहुंचे श्रमिकों का यहां ताला लगा होने पर पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और विभाग पर मनमानी का आरोप लगाया। कहा कि सरकारी योजनाओं के अनुसार उन्हें सामान नहीं दिया जा रहा है।
सोमवार को श्रमिक पंजीकरण, कार्ड रिन्यूअल और योजना के अनुसार अपने हक का सामान लेने श्रम प्रवर्तन कार्यालय पहुंचे। मौके पर पहुंचे असंगठित कर्मकार मजदूर कल्याण संघ के अध्यक्ष प्रेम राम ने कहा कि विभाग मनमानी कर श्रमिकों के हितों की अनदेखी कर रहा है। पंजीकरण, कार्ड रिन्यूअल न होने से श्रमिकों को सरकारी योजना के तहत सामान नहीं मिल रहा है।
आरोप लगाया कि सामान बंटवारे में भी धांधली की जा रही है। मानकों के अनुसार सामान नहीं दिया जा रहा है। इसमें बड़ा खेल विभाग कर रहा है। संघ की सचिव प्रीति थापा ने कहा कि हर रोज जिले के दूर-दराज से श्रमिक पंजीकरण, कार्ड रिन्यूअल के लिए कार्यालय पहुंच रहे हैं। यहां तैनात कर्मचारी उन्हें साइट न चलने का हवाला देकर कार्यालय में ताले लगाकर नदारद हो रहे हैं। ऐसे में श्रमिकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने उन्हें सामान नहीं दिया तो वे सड़कों पर उतरेंगे। प्रदर्शन में अर्जुन धौनी, मोवीन अहमद, महराज खान, तीरथ राम, मुसीबत अली, कमरुद्दीन, फारुख आदि रहे।
साइट न चलने से पंजीकरण और कार्ड रिन्यूअल में दिक्कत आ रही है। श्रमिकों को मानकों के अनुरूप सामान न देने के आरोप निराधार हैं। जब तक कार्ड रिन्यूअल नहीं होंगे और श्रमिकों का पंजीकरण नहीं होगा तब तक उन्हें सामान नहीं मिल सकता।
- राजेंद्र बिष्ट, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, पिथौरागढ़।