{"_id":"5a54f07f4f1c1bee6a8b8885","slug":"the-sun-shone-temperature-improved-slightly","type":"story","status":"publish","title_hn":"सूरज चमका, तापमान में थोड़ा सुधार आया ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सूरज चमका, तापमान में थोड़ा सुधार आया
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़/मुनस्यारी
Updated Tue, 09 Jan 2018 10:10 PM IST
विज्ञापन
सूरज चमका
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार की तुलना में मंगलवार को जिला मुख्यालय में न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को यहां का न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रहा, जबकि सोमवार को यह 1.4 डिग्री रिकार्ड किया गया था। दिन में मौसम साफ रहने के कारण अधिकतम तापमान भी बढ़ा है। मंगलवार का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। मुनस्यारी में मंगलवार को भी न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री रिकार्ड किया गया।
विज्ञापन
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार रात हल्के स्तर के बादल छाने से तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। रात के समय पाला गिरने का क्रम जारी रहेगा। घाटी वाले इलाकों में मंगलवार को कोहरे का असर कम रहा। ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह और शाम के समय पड़ रही ठंड से लोग परेशान हैं। मुनस्यारी और डीडीहाट में लोग शाम होते ही घरों में दुबक रहे हैं। अलबत्ता दिन के समय धूप निकलने से लोगों को आराम मिल रहा है। इस बीच लंबे समय से बारिश न होने से सूखी ठंड बढ़ती जा रही है। अब जमीन की नमी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है। इसका असर फसलों पर भी पड़ने लगा है।
विज्ञापन
डीडीहाट में ठंड से दम तोड़ने लगे पक्षी
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। यहां पड़ रही कड़ाके की ठंड में पक्षी दम तोड़ने लगे हैं। तहसील रोड पर स्थित एक स्थान पर छह मैना (सिंटोला) मृत अवस्था में मिले हैं। बताया गया कि पक्षियों का झुंड रात में एक पेड़ पर आकर रुकता है। मंगलवार की सुबह कुछ लोगों ने पेड़ के नीचे छह मैना के शव देखे। इसी पेड़ के पास रहने वाले बुजुर्ग लाल सिंह पंचपाल ने बताया कि पक्षियों की मौत ठंड के कारण हुई होगी। उन्होंने बताया कि सोमवार की रात पक्षियों का झुंड रोज की तरह पेड़ पर बैठा था लेकिन मंगलवार सुबह कई पक्षी मृत मिले। इधर, डीडीहाट में इस समय न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री नीचे चल रहा है।
विज्ञापन
उच्च हिमालयी क्षेत्र की चौकियों में हाईअलर्ट
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस की सातवीं वाहिनी ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित चौकियों में तैनात जवानों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र की सभी अग्रिम चौकियों में तापमान शून्य से काफी नीचे पहुंच गया है। आईटीबीपी के सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि कुटी में इस समय न्यूनतम तापमान शून्य से 21 डिग्री नीचे, गुंजी में आठ डिग्री नीचे, कालापानी में दस डिग्री नीचे, नाभीढांग में 21 डिग्री नीचे और लिपुलेख में शून्य से 30 डिग्री नीचे चल रहा है। सभी चौकियों को जाने वाली पेयजल लाइनें जम गई हैं। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान चार डिग्री से ऊपर नहीं जा रहा है।
नमी का स्तर बढ़ने पर बारिश होगी
पिथौरागढ़। मौसम विभाग नमी का स्तर बढ़ने के बाद ही बारिश की संभावना जताता है। इस समय नमी का स्तर 55 से 60 प्रतिशत है। बारिश की संभावना नमी का स्तर 80 प्रतिशत से अधिक होने के बाद ही बढ़ती है। मौसम विभाग का कहना है कि बादलों की उपस्थिति के साथ ही नमी भी बढ़ने लगती है। अभी ऐसी कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। बारिश होने पर पाले का प्रकोप भी कम होने लगता है।