धारचूला (पिथौरागढ़)। चौंदास क्षेत्र के गांवों की दस हजार की आबादी के लिए बनाए गए तवाघाट-कनच्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग पर सुनपाल के पास आपदा के दौरान दीवार क्षतिग्रस्त हो गई थी।लोक निर्माण विभाग पांच माह बाद भी इसकी मरम्मत नहीं कर पाया है। सड़क इतनी संकरी हो गई है कि छोटे वाहन भी मुश्किल से यहां से गुजर पा रहे हैं। बड़े वाहन क्षेत्र में नहीं जा पाने से राशन भी नहीं पहुंच पा रहा है। सड़क को शीघ्र ठीक कराए जाने की मांग को लेकर चौंदास के ग्राम पंचायत पांगू, रौगंतो, हिमखोला, छलमा छिलासू, सोसा, सिंर्दाग, रुंग, सिर्खा, कुरिला, न्यांग-पस्ती के लोग तहसील प्रशासन और विभाग के चक्कर काट परेशान हो गए हैं। मुनस्यारी के जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया, बुंगबुंग के पूर्व प्रधान कुंदन सिंह भंडारी ने जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी को बदहाल सड़क के बारे में बताते हुए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि लोनिवि के उपखंड धारचूला ने 3.64 लाख का प्रस्ताव भेजा है। कहा कि अगर एक सप्ताह के भीतर विभाग ने दीवार निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया तो चौंदास क्षेत्र के सोसा गांव में महापंचायत बुलाई जाएगी जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।