{"_id":"5946b5644f1c1bd23c8b4627","slug":"rcf-kapurthala-mumbai-custom-match","type":"story","status":"publish","title_hn":"आरसीएफ कपूरथला-मुंबई कस्टम के बीच मुकाबला बराबर ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आरसीएफ कपूरथला-मुंबई कस्टम के बीच मुकाबला बराबर
ब्यूरो/अमर उजाला, पिथौरागढ़
Updated Sun, 18 Jun 2017 10:46 PM IST
विज्ञापन
फुटबाल के उद्घाटन मैच में भिड़ती उत्तराखंड और ओएनजीसी मुंबई की टीम
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवसिंह खेल मैदान में तृतीय ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट शुरू हो गया है। पहले दिन हुए दोनों मैच ड्रा रहे। वर्ष 2015 की विजेता आरसीएफ कपूरथला और मुंबई कस्टम के बीच हुआ उद्घाटन मुकाबला 1-1 गोल की बराबरी पर छूटा। उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स और मुंबई ओएनजीसी के बीच खेला गया एक अन्य मुकाबला गोलरहित रहा। दोनों मैचों में दो-दो खिलाड़ियों को पीले कार्ड दिखाए गए।
विज्ञापन
ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। आरसीएफ कपूरथला और मुंबई कस्टम की टीम ने शुरुआत से ही अच्छे खेल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ के 24वें मिनट में आरसीएफ कपूरथला के बलतेज सिंह ने शानदार गोल के जरिए अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ में मुंबई कस्टम की टीम गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई। दूसरे हाफ में भी आरसीएफ कपूरथला के खिलाड़ियों ने मैच में पकड़ बनाए रखी। दूसरे हाफ के 43वें मिनट में मुंबई कस्टम के फ्रांसिस्को ने साथी खिलाड़ी के पास पर गोल कर टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। मुख्य निर्णायक दिल्ली के हरीश कुंडू, सहायक निर्णायक दिल्ली के रंजीत, पश्चिम बंगाल के प्रीतिमय धारा और मैच कमिश्नर केके रक्षित थे। आंखों देखा हाल उद्घोषक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सुनाया।
विज्ञापन
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन डीडीहाट के विधायक विशन सिंह चुफाल ने किया। उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स और मुंबई ओएनजीसी के बीच हुए मैच का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर कैप्टन धर्मेंद्र चंद ने किया। उद्घाटन समारोह में जिला खेलकूद प्रोत्साहन समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी सी रविशंकर, पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर राजन मलिक, ओएनजीसी के महाप्रबंधक एसएस रावत, मुख्य विकास अधिकारी आशीष चौहान, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी सदर संतोष कुमार पांडेय, जिला क्रीड़ाधिकारी संजीव कुमार पौरी, जिला फुटबाल संघ के अध्यक्ष राजेंद्र रावत, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र लुंठी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
बेड़ू पाको की धुन ने बांधा समा
उद्घाटन समारोह में थर्ड कुमाऊं रायफल्स और 28 पंजाब रेजीमेंट के बैंड ने बेहतरीन प्रस्तुति दी। बैंड ने जब बेड़ू पाको बारों मासा, नरैण काफल पाको चैता मेरी छैला की धुन बजाई तो लोग मस्ती में झूमने लगे। भाजपा जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुंदर सिंह बोनाल सनम के नेतृत्व में दल ने रं संस्कृति की झलक बिखेरी। स्वरांजलि नृत्य वाटिका और वी वायरस ग्रुप ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के उद्घाटन से पहले वेदपाठी ब्राह्मणों ने शांति पाठ किया।
देश के लिए खेल चुके हैं आरसीएफ के सनी और जगतार
वर्ष 2015 के ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट की विजेता टीम रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला की टीम बेहतरीन फुटबालरों से सजी है। टीम में दो खिलाड़ी देश की ओर से अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। टीम के दोनों स्टार खिलाड़ियों ने पिथौरागढ़ के लोगों की फुटबाल के प्रति दीवानगी को सराहा। पिछले टूर्नामेंट की चैंपियन टीम के स्टार खिलाड़ी सनी सिंह वर्ष 2010 में देश की अंडर 19 टीम से सऊदी अरब में हुई प्रतियोगिता में खेल चुके हैं। सनी सिंह वर्ष 2012 में देश की अंडर 19 टीम से ईरान में हुई प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुके हैं। सनी पिथौरागढ़ में फुटबाल का बेहतर क्रेज बताते हुए कहते हैं कि यहां खिलाड़ियों को सुविधा भी बेहतर मिलती है। उनका कहना है कि खेल मैदान को और सुविधाजनक बनाने की ओर आयोजकों को ध्यान देना चाहिए। इस टीम के दूसरे स्टार खिलाड़ी जगतार सिंह वर्ष 2011 में बांग्लादेश में हुई एएफसी चैंपियनशिप और 2010 में प्री ओलंपिक क्वालिफाई मैच में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह देश की ओर से श्रीलंका में हुई एएफसी चैलेंज कप में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। जगतार भी पिथौरागढ़ में फुटबाल के प्रति दीवानगी के कायल हैं। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2015 में हुए ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट में खेल चुके हैं। यहां के दर्शक बेहतर खेल का समर्थन करते हैं। जगतार ने भी सुविधा बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि अच्छे खेल मैदान और अच्छे कोच यहां के फुटबाल के स्तर को और आगे ले जा सकते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान दी किसान और फुटबालर को श्रद्धांजलि
पिथौरागढ़। ऑल इंडिया फुटबाल टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर कर्ज न चुका पाने के कारण आत्महत्या करने वाले बेड़ीनाग के डोलडुंगरी गांव के किसान सुरेंद्र सिंह और फुटबालर स्वर्गीय धीरेंद्र चौहान को श्रद्धांजलि दी गई। खेल मैदान में मौजूद लोगों ने उनकी याद में दो मिनट का मौन रखा।
आज के मैच
उत्तराखंड स्टॉर्म चेजर्स और मुंबई कस्टम दोपहर 1.30 बजे से
मुंबई ओएनजीसी और आरसीएफ कपूरथला शाम 3 बजे से