पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज: राज्य कोटे की 95.35 प्रतिशत सीटों पर प्रवेश, तीसरे दिन 11 विद्यार्थियों ने लिया दाखिला
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की 95.35 प्रतिशत सीटों में प्रवेश हो चुके हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे दिन 11 विद्यार्थी दाखिला लेने पहुंचे।
विस्तार
आखिरकार पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में राज्य कोटे की 95.35 प्रतिशत सीटों में प्रवेश पूरा हो गए। अब सिर्फ 4.65 प्रतिशत यानि दो सीट पर विद्यार्थियों का प्रवेश शेष है। शुक्रवार को तीसरे दिन की प्रवेश प्रक्रिया में 11 विद्यार्थी दाखिला लेने मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीट निर्धारित हैं। इनमें केंद्र कोटे की सात और राज्य की 43 सीट हैं। राज्य कोटे की प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे दिन शुक्रवार को 13 रिक्त सीटों के सापेक्ष 11 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। अब सिर्फ दो सीट खाली हैं। इससे पहले बृहस्पतिवार को 30 विद्यार्थियों ने दाखिला कराया था। अब राज्य कोटे की 43 सीटों के सापेक्ष 41 सीटों पर प्रवेश पूरे हो चुके हैं। दूसरी ओर अब तक केंद्र कोटे की सात सीटों के सापेक्ष तीन सीट पर दाखिला हुआ है। चार सीट खाली चल रही हैं। इस तरह एमबीबीएस की 44 सीटें फुल हो चुकी हैं। मेडिकल कॉलेज के मुताबिक, छह रिक्त सीटों को भरने के लिए मॉप-अप राउंड के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
19 अक्तूबर को होंगे चौथी काउंसलिंग की सूची जारी
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में केंद्र कोटे रिक्त सीटों को भरने के लिए चौथी काउंसलिंग की जानी है। अब तक इसकी सूची जारी नहीं होने से केंद्र कोटे की रिक्त सीटों में प्रवेश प्रक्रिया को रोका गया है। मेडिकल कॉलेज के मुताबिक, 19 अक्तूबर को चौथी काउंसलिंग की सूची जारी होगी। 25 अक्तूबर तक विद्यार्थियों को सभी सीटों में प्रवेश दिया जाएगी।
मेडिकल कॉलेज की 50 सीटों के सापेक्ष 44 सीटों में प्रवेश हो चुके हैं। रिक्त छह सीटों में मॉप-अप राउंड प्रक्रिया से प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।