बदहाल संचार सेवा को लेकर मजिरकांडा में प्रदर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीमांत की बदहाल संचार सेवा से ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्र के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने पूर्व में मोबाइल टावर पर चढ़ने की चेतावनी दी थी। उनके समर्थन में करीब एक दर्जन गांवों के सैकड़ों लोग रविवार को मजिरकांडा पहुंचे और बीएसएनएल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता ने टावर पर चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसे टावर पर चढ़ने से रोक दिया। इस बीच पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों में काफी गहमागहमी हुई। बाद में विभाग के एसडीओ के लिखित आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
मूनाकोट विकासखंड के झूलाघाट, गौरीहाट, सेटीगांव, मजिरकांडा, भटेड़ी, कानड़ी और बलतड़ी के सैकड़ों लोग सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर भट्ट द्वारा क्षेत्र में संचार सेवा की बदहाली को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन और उनके टावर पर चढ़ने के समर्थन में रविवार को मजिरकांडा पहुंचे। उन्होंने तीन घंटे तक दूरसंचार विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। चूंकि दिवाकर भट्ट ने पूर्व में टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करने का एलान किया था, लिहाजा रविवार को भारी मात्रा में पुलिस बल मौके पर मौजूद था। प्रदर्शन के दौरान जैसे ही दिवाकर भट्ट ने टावर पर चढ़ने की कोशिश की, थाना प्रभारी टीएस राणा ने भट्ट को टावर पर नहीं चढ़ने दिया।
ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए विभाग के एसडीओ एचएस मारकाना, एसडीओ अरविंद कुमार, अवर अभियंता सुरेंद्र मेहता के साथ ही नायब तहसीलदार भरत साही, राजस्व निरीक्षक एनएल वर्मा, उपनिरीक्षक करन पांगती मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों के बीच 15 दिन के अंदर टावर के सही तरीके से काम न करने पर कानूनी कार्रवाई करने, थ्री जी का रेंज बढ़ाने आदि पर सहमति हुई। प्रदर्शन करने वालों में ग्राम प्रधान मजिरकांडा सुरेंद्र आर्या, प्रधान कानड़ी लक्ष्मण चंद, क्षेपं सदस्य विक्रम महर, युवा शक्ति संगठन की अध्यक्ष अंजलि, महाकाली लोक संगठन के अध्यक्ष हरिबल्लभ भट्ट, शकुंतला भट्ट, शेखर भट्ट, कमलेश धारियाल, रोहित डिक्टियां, दशरथ खड़ायत, किशोर जोशी, भुवन भट्ट आदि शामिल रहे।
संचार न होने से व्यापार प्रभावित
मजिरकांडा में बीएसएनएल के खिलाफ हुए आंदोलन को महाकाली की आवाज संगठन ने भी समर्थन दिया है। संगठन के संयोजक शंकर खड़ायत ने कहा कि सरकार इससे भी बड़े प्रदर्शन के लिए क्षेत्र की जनता को बाध्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोबाइल टावर के काम नहीं करने से क्षेत्र का व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
भाजपाई नहीं दिखे आंदोलन में
केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है। संचार की बदहाली को लेकर हुए प्रदर्शन से क्षेत्र के भाजपाइयों ने किनारा कर लिया, जबकि क्षेत्र में ब्लॉक अध्यक्ष, जिला महामंत्री, ब्लॉक महामंत्री, विधायक प्रतिनिधि और सांसद प्रतिनिधि जैसे कई महत्वपूर्ण पदों पर भाजपा के ही पदाधिकारी हैं।